🔳कभी होती थी अनाज की बंपर पैदावार अब होता है रेत बजरी का कारोबार
🔳 नदी में हर साल आती है खनन पट्टों की बाढ़
🔳वैध की आड़ में अवैध खदान को भी मिलता है बल
🔳 खनन न्याय निधी से विकास कार्यों के न होने से बढ़ रही लोगों में नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

कभी अनाज व सब्जियों की बंपर पैदावार के लिए पहचान रखने वाली बेतालघाट घाटी अब खनन के लिए पहचान बनाने लगी है। खनिज पट्टों की आड़ में कोसी नदी का हर साल सीना चीरा जा रहा है।‌ राजस्व प्राप्ति के बावजूद खनन न्याय निधी से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य न होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ते ही जा रही है। लगातार अनदेखी से कभी भी लोगों का पारा चढ़ सकता है।
कोसी घाटी स्थित बेतालघाट क्षेत्र में कभी सब्जियों समेत गेहूं, धान , मंडवे की बंपर पैदावार होती थी। उपजाऊ खेत लहलहाते थे पर अब हालात बदल चुके हैं। सुविधाओं के अभाव में खेतीबाड़ी चौपट हो चुकी है। ऐसे में अब कोसी घाटी खनन के क्षेत्र में पहचान बनाने लगी है। हर साल कोसी नदी में खनिज पट्टों की बाढ़ जरुर आ जाती है। सरकार को राजस्व प्राप्ति भी होती है पर विकास कार्यो के लिए खनन न्यास निधी से समुचित बजट क्षेत्र के विकास को नहीं मिलता। जीवनदायिनी कोसी नदी का धड़ल्ले से सीना चीरा जाता है पर बरसात के दिनों में तीव्र वेग से बहने वाली कोसी नदी के उफान से बचाव को कार्य नहीं किए जा रहे। लगातार मांग भी उठाई जाती है पर जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है।

error: Content is protected !!