🔳काकड़ीघाट स्थित सुप्रसिद्ध नीम करौली आश्रम में ठप हुई आपूर्ति
🔳मंदिर से हाइवे पर जाकर पानी ढो रहे पुजारी
🔳व्यवस्था प्रभावित होने से श्रद्धालुओं में नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर काकड़ीघाट क्षेत्र में स्थित सुप्रसिद्ध बाबा नीम करौली आश्रम में पेयजल संकट गहराने से तमाम परेशानियां खड़ी हो गई है। श्रद्धालुओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर में रोजाना पूजा पाठ को भी एक किमी दूर से पानी ढोना मजबूरी बन चुकी है। मंदिर के पुजारी काकड़ीघाट चौराहे से पानी लेकर मंदिर पहुंच रहे हैं तब जाकर भगवानों को स्नान करवाया जा रहा है।
काकड़ीघाट क्षेत्र में जीवनदायिनी कोसी नदी के तट पर स्थित बाबा नीम करौली आश्रम देश विदेश के श्रद्धालुओं के आस्था का केंद्र है। रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु काकड़ीघाट पहुंचते हैं। पिछले दो सप्ताह से भी अधिक समय से आश्रम में पानी की व्यवस्था चरमरा गई है जिस कारण श्रद्धालुओं को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर परिसर में भी पानी के इस्तेमाल को दूरदराज रुख करना पड़ रहा है। मंदिर में नित्य पूजा पाठ को आश्रम से करीब एक किमी दूर काकड़ीघाट चौराहे से पानी लाना मजबूरी बन चुका है।आश्रम के मुख्य पुजारी आनंद गैंडा के अनुसार पानी की व्यवस्था प्रभावित होने से दिक्कतें बढ़ती ही जा रही है। पूजा पाठ के लिए एक किमी दूर से मंदिर तक पानी लाना मजबूरी बन चुका है। स्थानीय गोपाल सिंह कनवाल, गजेन्द्र सिंह नेगी, गोविन्द सिंह, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, राकेश जलाल आदि ने आश्रम में पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।




