🔳बारगल कफूल्टा पंपिग पेयजल योजना से जुड़ा है मामला
🔳नई कंपनी से कार्य कराने में जुटा जल निगम
🔳कार्य छोड़ने वाली कंपनी पर अपनाया सख्त रुख
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बारगल कफूल्टा पंपिग पेयजल योजना का कार्य अधूरा छोड़ने वाली कंपनी के खिलाफ जल निगम ने सख्त रुख अपनाने की तैयारी कर ली है। संबंधित विभाग के अवर अभियंता नरेंद्र भारती के अनुसार ठेकेदार की बैंक गारंटी जब्त करने के साथ ही विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में पीने के पानी का सूखा खत्म करने को सरकार ने लगभग सात करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से रामगाढ़ क्षेत्र में शिप्रा नदी पर बारगल कफूल्टा पंपिग पेयजल योजना निर्माण के लिए योजना स्वीकृत की। शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा पर कुछ समय बाद अनियमितता सामने आने लगी। बजट खर्च होने के बावजूद तमाम गांवों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी। ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों के आक्रोशित होने के बाद कार्यदाई संस्था जल निगम ने शिकंजा कसा तो गाजियाबाद की कंपनी ने कार्य अधूरा छोड़ दिया। विभाग ने भी दूसरी कंपनी को आगे के कार्य का जिम्मा सौंप दिया। अब जल निगम ने महत्वाकांक्षी योजना का कार्य अधूरा छोड़ने वाली कंपनी पर कार्रवाई की तैयारी शुरु कर दी है। विभागीय कार्रवाई के साथ ही कंपनी की बैंक गारंटी जब्त करने की तैयारी भी शुरु कर दी गई है। जल निगम के अवर अभियंता नरेंद्र भारती के अनुसार काम अधूरा छोड़ने वाली कंपनी पर कार्रवाई की प्रकिया गतिमान है। नई कंपनी से कार्य करवाया जा रहा है। सभी गांवों में पेयजल आपूर्ति जल्द सुचारु कर दी जाएगी।




