= रोजाना की जरूरत की सामग्री के साथ परिवार के सदस्यों तक पहुंचाया राशन
= भविष्य में भी हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा
= वन विभाग व प्रशासन से मुआवजा वितरित किए जाने की उठाई मांग
(((ब्यूरो चीफ विरेन्द्र बिष्ट/फिरोज अहमद/भीम बिष्ट/सुनील मेहरा की रिपोर्ट)))
दावानल की चपेट में आकर घर व सारा सामान गंवा चुके बेतालघाट ब्लॉक के तल्लाकोट गांव निवासी प्रभावित परिवार की मदद को बाबा नीम करौली सेवा समिति आगे आ गई है। प्रभावित परिवार को रोजाना की जरूरत की सामाग्री के साथ ही राशन उपलब्ध करा भविष्य में भी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया गया। समिति सदस्यों ने प्रशासन व वन विभाग से भी प्रभावित परिवार को मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग से सटे जंगल से उठी आग की चिंगारी मल्लाकोट गांव में पहुंचने के बाद भीषण लपटों में तब्दील हो गई। आग की लपटों ने गांव के किसान दीवान सिंह का पूरा मकान पलभर में ही खा कर डाला। आग की लपटें इतनी विकराल थी कि मकान के अंदर का सामान तक बाहर नहीं निकाला जा सका। नतीजतन दीवान सिंह का सारा सामान व जिंदगी भर की कमाई भी आग की भेंट चढ़ गई। गौशाला भी जलकर खाक हो गई। मंगलवार को हुई घटना के बाद बीते बुधवार को प्रशासन की टीम ने मौका मुआयना करने के बाद प्रभावित परिवार को जरूरत के सामान के साथ ही रजाई गद्दे उपलब्ध कराएं तथा पंचायत भवन में रहने की व्यवस्था की। गुरुवार को बाबा नीम करौली सेवा समिति के सदस्य भी गांव पहुंचे। ग्राम प्रधान भावना जलाल की मौजूदगी में प्रभावित परिवार को रोजाना की जरूरत की सामग्री के साथ ही राशन भी उपलब्ध कराया गया। समिति सदस्यों ने भविष्य में भी दीवान सिंह को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। समिति के सदस्यों ने प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावित परिवार को मुआवजा वितरित किए जाने की मांग उठाई। इस दौरान सेवा समिति की कविता साह गंगोला, विरेंद्र बिष्ट, फिरोज अहमद, कुबेर सिंह जीना, पूरन लाल साह, दलीप सिंह नेगी, मनोज पडलिया, मदन मोहन सुयाल, हरीश चंद्र, पंकज भट्ट,सुनील मेहरा, हरीश कुमार आदि मौजूद रहे।
