🔳 कई गांवों के भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगाया आरोप
🔳 विधायक, जिलाध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष को भेजा पत्र
🔳 विकास कार्यों में पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर जताई नाराजगी
🔳 कांग्रेस पृष्ठभूमि के नेताओं को तवज्जो देने का लगाया आरोप
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के सूदूर गांवों से भाजपा कार्यकर्ताओं ने बगावत के सुर बुलंद कर दिए है। भाजपा समर्थित पंचायत प्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने विधायक, जिलाध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष को पत्र भेजकर उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है। कहा की गांव में किए जा रहे विकास कार्यों में कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर कांग्रेस के लोगों प्राथमिकता दी जा रही है। अंदेशा जताया है की पार्टी को कमजोर करने को षड़यंत्र रचा जा रहा है।
बेतालघाट ब्लॉक के सूदूर सकदीना, तडी, जिनौली, खलाड गांवों के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपेक्षा से आहत होकर विधायक सरिता आर्या, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट व मंडल अध्यक्ष गरमपानी को पत्र भेजकर गांवों में हो रहे विकास कार्यों में कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई है। पत्र के माध्यम से कहा है कि पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने व लंबे समय से पार्टी कार्यकर्ता होने के बावजूद कांग्रेस पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों को विधायक निधि व अन्य कार्यों में प्राथमिकता दी जा रही है। वर्तमान में जिनौली ग्राम पंचायत के सकदीना तोक में स्थित भूमिया मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी अन्य व्यक्ति को दिया गया है। पूर्व में भी कई कार्यों में भाजपा कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर कांग्रेस से जुड़े लोगों को कार्य उपलब्ध कराए गए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दो टूक कहा की जानबूझकर पार्टी व संगठन को कमजोर करने का षड़यंत्र रचा जा रहा है। सवाल उठाया की आखिरकार पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी किसके इशारे पर की जा रही। कहा की यही स्थिति रही तो आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को गांवों से नुकसान का सामना करना पड़ेगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश बुधलाकोटी, भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह नेगी, पंकज नैनवाल, हरेंद्र सिंह बोहरा, अनिल बुधलाकोटी, विनोद सिंह जलाल, आंनद सिंह नेगी, दिनेश नैनवाल, रविराज, उमेश चंद्र आदि ने पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर गहरा रोष जताया है।
ग्रामीणों ने भी जताई आपत्ति
सकदीना स्थित भूमिया मंदिर में सौंदर्यीकरण कार्य का मामला तूल पकड़ गया है। ग्रामीणों ने भी मामले में आपत्ति दर्ज करा दी है। ग्रामीणों ने मंदिर सौंदर्यीकरण का कार्य क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान द्वारा करवाए जाने पर जोर दिया है बकायदा ग्राम प्रधान को आपत्ति पत्र भी सौंपा है। पत्र में दिनेश चंद्र, हंसा दत्त नैनवाल, चंदन सिंह, रविराज नैनवाल, उमेश नैनवाल, आनंद बल्लभ, कमल नैनवाल, गोविंद सिंह, मीना देवी, कमला देवी आदि के हस्ताक्षर हैं।
विधायक निधि के कार्यों में हमेशा पार्टी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी गई है। वर्तमान में भूमिया मंदिर में किया जा रहा कार्य विधायक निधि से नहीं है। पर्यटन विभाग के बजट से कार्य स्वीकृत हुआ है।
सरिता आर्या, विधायक, नैनीताल
