🔳 पिछले दस दिनों से रीची थापल पंपिग पेयजल योजना से चरमराई व्यवस्था
🔳 सोलह गांवों में बूंद बूंद पानी को मचा हाहाकार
🔳 किसान संघर्ष समिति ने लगाया वादाखिलाफी का आरोप
🔳 मातृशक्ति का चढ़ा पारा, किया आंदोलन का ऐलान
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
किसान संघर्ष समिति धूराफाट के सत्रह दिवसीय क्रमिक अनशन के बाद अब एक बार फिर रीची थापल पंपिग पेयजल योजना से पेयजल आपूर्ति ठप होने से करीब सोलह गांवों में बूंद बूंद पानी को हाहाकार मच गया है। दस दिनों से भी अधिक समय से पानी की बूंद तक नसीब न होने से गांव के लोगों को कड़ाके की ठंड में भी दूर दराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर होना पड़ रहा है। गांवों की महिलाओं ने जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु न होने पर दोबारा आंदोलन का ऐलान कर दिया है।
धूराफाट क्षेत्र के मुसौली, हिडाम, पुनोली, बलियाली, बयेडी, बिल्लेख समेत करीब सोलह गांवों को महत्वाकांक्षी रीची थापल पंपिग पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है। पेयजल आपूर्ति के आए दिन लड़खड़ाने से बीते दिनों किसान संघर्ष समिति धूराफाट के बैनर तले ग्रामीणों ने करीब सोलह दिनों तक बयेडी क्षेत्र में क्रमिक अनशन किया। नई योजना निर्माण व रीची थापल पंपिग पेयजल योजना से समुचित आपूर्ती के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन स्थगित किया। आंदोलन को स्थगित हुए अभी कुछ दिन ही बीते थे की अब एक बार फिर गांवों में पेयजल व्यवस्था लड़खड़ा गई है। पिछले दस दिनों से तमाम गांवों के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। पेयजल आपूर्ति ठप होने से गांव के लोग तमाम परेशानियों का सामना करने को मजबूर हो चुके हैं। भीषण ठंड में भी महिलाएं, बच्चें, बुजुर्ग दूर दराज से पानी ढो रहे हैं। किसान संघर्ष समिति अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे ने जिम्मेदार अधिकारियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। कहा की आंदोलन के समय नियमित आपूर्ति का आश्वासन दिया गया पर अब आंदोलन स्थगित होने के बाद व्यवस्था बेदम होने लगी है। पेयजल आपूर्ति ठप होने पर अब गांवों की महिलाओं का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। महिला शक्ति धूराफाट ने विभागीय उपेक्षा पर गहरी नाराजगी जताई है। महिला शक्ति धूराफाट संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो फिर एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। संगठन से जुड़ी लता पांडे, नीमा देवी, पुष्पा पांडे, बीना देवी, भगवती पांडे, शांति देवी, लीला देवी, खिमुली देवी आदि ने योजना से तत्काल पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है।




