◾ नियमों का उल्लंघन कर भूमि का उद्देश्य बदलने वालों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
◾ रामगढ़ व बेतालघाट क्षेत्र में जल्द चलेगा अभियान
◾ सरकारी जमीनों से भी हटाया जाएगा अतिक्रमण

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

गांवो में बढ़ते भू माफियाओं के दखल व नियमो का उल्लंघन कर जमीन का उद्देश्य बदलने वाले बिल्डरों तथा नाप जमीन की आड़ में सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ तहसील कोश्या कुटोली प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने की तैयारी कर ली है। उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा ने साफ किया है की जांच में अनियमितताओं के मिलने के बाद कडी़ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की जांच शुरु होते ही भूमाफियाओं में हड़कंप मचना तय माना जा रहा है।

दरअसल बाहरी राज्यों के बिल्डर भूमाफियाओं से सांठगांठ कर गांवों में तेजी से पांव पसार रहे हैं। सस्ते दामों में लोगों से जमीन की खरीद फरोख्त की जा रही है। फिर शुरु होता है नाप जमीन की आड़ में सरकारी जमीन कब्जाने का खेल। यही नहीं नियमों का उल्लंघन कर गांवों में कृर्षि भूमि के नाम पर खरीदी गई जमीन का उद्देश्य बदल बड़े बड़े होटल व रिर्जाट बनाए जा रहे है‌ जिन्हें बाद में ऊंची कीमतों पर बेचा जा रहा है। सरकारी जमीनों पर कब्जा कर नाप जमीन की आड़ में उसकी भी कीमत वसूली जा रही है। बेतालघाट ब्लॉक के बजेडी़, सिमराड, धूरा, कैंची, रुपसिंह धूरा तथा रामगढ़ ब्लॉक के हरतोला, मोना, प्यूडा़, कूल, चोपड़ा आदि तमाम गांवों में बने रिर्जाट व होटल इसकी बानगी है। गांवों में बिल्डरों की एकाएक सक्रियता बढ़ने से अब मामले को गंभीरता से ले तहसील प्रशासन भी हरकत में आ गया है। उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा के अनुसार मामले में जांच करवाई जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई भी होगी। एसडीएम ने सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण ध्वस्त करने के साथ ही भूमि का उद्देश्य बदलने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई का दावा किया है।

error: Content is protected !!