= गहराई व भंवर वाले स्थानो पर आवाजाही होगी प्रतिबंधित
= पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम का भी होगा गठन
= स्थानीय लोग भी बनेंगे मददगार

(((भीम बिष्ट/दलिप नेगी/भरत बोहरा/पंकज नेगी की रिपोर्ट)))

कोसी नदी में डूबने की घटनाएं रोकने को प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। नदी क्षेत्र में गहराई वाले स्थानो पर आवाजाही प्रतिबंधित करने के साथ ही सख्ती से अंकुश लगाने को पुलिस व प्रशासन की सयुंक्त टीम के गठन की तैयारी तेज कर दी गई है। एसडीएम राहुल शाह के अनुसार गहराई व भंवर वाले स्थानो पर एनएच प्रशासन से भी संपर्क साध चेतावनी बोर्ड लगवाए जाएंगे।
गर्मी बढ़ने के साथ ही अल्मोडा हल्द्वानी हाईवे के समीप बहने वाली कोसी नदी पर लोग नहाने उतर जाते है। गहराई व भंवर का सही अंदाजा न होने से कई लोगो की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो चुकी है। बीते शनिवार को ही नेपाली मूल का श्रमिक नहाने के दौरान गहराई में डूबकर जान गंवा चुका है। हाईवे पर भोर्या बैंड, ज्याडी, लोहाली, जौरासी, नावली, काकडी़घाट आदि तमाम स्थानो पर कई लोग डूब कर मारे जा चुके हैं। घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए तहसील प्रशासन हरकत में आ गया है। गहराई तथा भंवर वाले स्थानो को चिह्नित कर उस स्थान पर आवाजाही प्रतिबंधित करने की तैयारी के साथ ही निगरानी बढ़ाने को पुलिस तथा राजस्व पुलिस की संयुक्त टीम का गठन भी किया जाएगा। ऐसे स्थानों पर एनएच प्रशासन चेतावनी बोर्ड भी लगाएगा। इसके लिए बकायदा तैयारी शुरू कर दी गई है। तहसील कोश्या कुटोली के एसडीएम राहुल शाह के अनुसार घटनाएं न बढे़ इसके लिए गंभीरता से कदम उठाए जाऐगें। घटनाएं रोकने को स्थानीय लोगो की भी मदद ली जाऐगी।

error: Content is protected !!