🔳 घरेलू सिलेंडरों का किया जा रहा था व्यवसायिक इस्तेमाल
🔳 टीम की पकड़ से दूर रहें सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले तस्कर
🔳 छापेमारी से पहले ही ठिकाने लगा दी सिलेंडरों की खेप
🔳 बाजार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सिलेंडरों की कालाबाजारी करते हैं तस्कर
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]

घरेलू सिलेंडरों के व्यवसायिक इस्तेमाल व सिलेंडरों की कालाबाजारी पर शिकंजा कसने को प्रशासन व खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान एक दर्जन घरेलू सिलेंडर जब्त कर लिए गए। हालांकि कालाबाजारी में लिप्त तस्करों ने टीम के पहुंचने से पहले ही अवैध सिलेंडरों की खेप ठिकाने लगा दी।
शनिवार को प्रशासन व खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम के एकाएक छापेमारी अभियान चलाने से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। संयुक्त टीम ने गरमपानी मुख्य बाजार क्षेत्र से अभियान की शुरुआत की। खैरना बाजार क्षेत्र तक चले अभियान के दौरान होटल व ढाबों में घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। विशेष अभियान के दौरान करीब दो दर्जन से अधिक होटल व ढाबों का निरीक्षण कर बारह सिलेंडर जब्त कर लिए गए। कई दुकानदारों से टीम की तीखी बहस भी हुई। विशेष टीम ने जब्त सिलेंडर तहसील मुख्यालय में प्रशासन की निगरानी में रखवा दिए। छापेमारी अभियान की भनक लगते ही रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी में लिप्त तस्करों ने समय रहते ही अवैध सिलेंडरों की खेप ठिकाने लगा दी जिस कारण टीम को बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी। पूर्ति निरीक्षक गरमपानी अनिता पंत के अनुसार अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लघंन कर घरेलू सिलेंडरों के व्यवसायिक इस्तेमाल पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। कालाबाजारी पर भी निगरानी रखी जा रही है। तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान पूर्ति निरीक्षक सुनिती रावत, राजस्व उपनिरीक्षक विजय पांडे, मोहन चंद्र कांडपाल, कुंदन सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!