दुल्हन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पीपीई किट में हुई शादी

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे मर्नसा गांव का मामला

गरमपानी डेस्क : कोरोना संक्रमण ने जहां त्योहारों को फीका कर दिया है वही रीति रिवाज भी बदल डाले गए हैं। विवाह समारोह में अब पारंपरिक कुमाऊनी परिधानों की जगह पीपीई किट ने ले ली हैं। घरों के चुनिंदा लोगों के साथ पुलिस प्रशासन की टीम घराती की भूमिका निभा रही है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे मर्नसा गांव में शादी से दो दिन पहले पॉजिटिव आई सीमा का विवाह रुद्रपुर से पहुंचे हरीश के साथ कोरोना गाइड लाईन के साथ ही पूरे विधि विधान के साथ संपन्न हुआ। बराती घराती सभी पीपीई किट में नजर आए।

सोमवार को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे मर्नसा गांव भी पीपीई किट शादी का गवाह बन गया। गांव में रुद्रपुर से हरीश सिंह बारात लेकर पहुंचे। शादी से दो दिन पूर्व दुल्हन सीमा संक्रमित पाई गई। वर पक्ष के लोगों ने पीपीई किट में ही शादी करने की हामी भर दी। पुलिस, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से अनुमति ले सोमवार को विवाह समारोह की तैयारियां शुरू हुई। पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम मुस्तैद दिखी। दुल्हन सीमा पीपीई किट में मंडप में पहुंची तो दुल्हा हरीश पहले से ही पीपीई किट में जीवनसंगिनी का इंतजार कर रहा था। धर्माचार्य भी किट से लैस। बारातियों व घरातियों के भी सैनिटाईज के पुख्ता इंतजाम। धर्माचार्य ने वैदिक मंत्रों के साथ ही दूल्हा दुल्हन को सात जन्मों तक साथ रहने की कसम के साथ सात फेरे करवाएं। पीपीई किट में ही दूल्हा दुल्हन ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई। दूल्हा पक्ष से बारात में महज पांच और दुल्हन पक्ष से माता-पिता समेत कुल आठ लोग शामिल हुए। दुल्हन को ससुराल ले जाने के लिए बकायदा दूल्हा पक्ष से एक अतिरिक्त वाहन भी साथ लाया गया था जिसमें महज दुल्हन को ही ससुराल विदा किया गया अब दुल्हन को ससुराल ले जाकर होम आइसोलेशन में रहना होगा। सरकारी गाइडलाइन का पालन कराने को राजस्व निरीक्षक भुवन भंडारी, राजस्व उपनिरीक्षक पवन ध्यानी, राजेंद्र गोस्वामी, चौकी पुलिस के हर्षवर्धन, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।