brize

बुनियाद में गहरी होती जा रही दरारें
हरकत में आया विभाग, विशेषज्ञ से कराया सर्वे
रिपोर्ट का इंतजार, फिर शुरू होगा सुरक्षा को कार्य

गरमपानी : शहीद बलवंत सिंह भुजान वर्धो मोटर मार्ग पर रतौड़ा क्षेत्र में कोसी नदी पर बना पुल खतरे की जद में आ गया है। पुल के एक हिस्से के सुरक्षात्मक कार्य की दरारें गहरी हो गई है। खतरा बढ़ने से हलकान संबंधित विभाग ने विशेषज्ञों से सर्वे करा लिया है। अब सर्वे रिपोर्ट का इंतजार है।

रतौड़ा क्षेत्र में कोसी नदी पर वर्ष 2017 में साढे़ छह करोड रुपये की भारीभरकम लागत से स्टील गार्डर पुल का निर्माण किया गया। पुल निर्माण के लिए क्षेत्रवासियों ने लंबा आंदोलन भी चलाया। पुल निर्माण को अभी चार वर्ष ही बीते की कोसी नदी के थपेड़ों ने पुल के एक हिस्से को खतरे में ला दिया है। पुल की बुनियाद की सुरक्षा को बनाए गए सुरक्षात्मक कार्य धराशाई हो गए हैं। दरार लगातार गहरी होती जा रही है। सुरक्षात्मक कार्य का एक हिस्सा जड़ से उखाड़ने को तैयार है। पुल के खतरे में आने से संबंधित विभाग भी अलर्ट हो गया है। विभाग ने देहरादून से पहुंचे विशेषज्ञ से पुल का सर्वे भी करा लिया है। अब सर्वे रिपोर्ट के इंतजार के बाद अगला कदम उठाया जाएगा। इधर क्षेत्रवासियों ने पुल की सुरक्षा को ठोस कदम उठाए जाने की मांग की है। साफ कहा है कि यदि समय रहते सुरक्षा की ओर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में पुल खतरे में आ सकता है।

विभागीय निरीक्षण के बाद देहरादून से पहुंचे विशेषज्ञ से भी सर्वे करा लिया गया है। सर्वे रिपोर्ट का इंतजार है। उसके बाद ही आगे कार्रवाई होगी। भविष्य में खतरा बढ़ने का भी अंदेशा है।

मनमोहन सिंह, अपर सहायक अभियंता, लोनिवि, निर्माण खंड,नैनीताल।