🔳 देखते ही देखते विकराल हुई आग की लपटें
🔳 जंगल से धुएं का गुबार उठता देख सख्ते में आए ग्रामीण
🔳 सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम
🔳 आग पर काबू पाने को शुरु किए गए प्रयास
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
गरमपानी डेस्क : दीपावली पर हुई आतिशबाजी से कैंची क्षेत्र के समीप थुआ के जंगल में आग धधक उठी। देखते ही देखते आग ने जंगल का बड़ा हिस्सा चपेट में ले लिया। जंगल से उठते धुएं के गुबार से आसपास के गांवों के लोग भी सख्ते में आ गए। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी ने विभागीय टीम को जंगल की ओर रवाना किया। वन कर्मियों की टीम देर शाम तक आग बुझाने में जुटी रही।
बुधवार को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित कैंची क्षेत्र के समीप थुआ का जंगल आग की चपेट में आ गया। दीपावली के किसी राकेट के जंगल क्षेत्र में गिरने से आग धधकने का अंदेशा जताया गया। कुछ ही देर में जंगल से उठी आग की लपटों ने विकराल रुप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने जंगलात के बड़े हिस्से को चपेट में ले लिया। जंगल से उठते धुएं के गुबार से आसपास के गांवों के लोग भी दहशत में आ गए। आग से चीड़ के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। वन संपदा को भी आग से नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी को दी। वन क्षेत्राधिकारी ने भी बगैर समय गवांए विशेष टीम को जंगल की ओर रवाना किया। वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू करने में जुट गई। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी के अनुसार दीपावली पर्व पर आसपास से छोड़े गए किसी राकेट से आग लगने का अंदेशा है। फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास शुरु कर दिए गए हैं।
