🔳 अधिकारी बजट का हवाला दे जिम्मेदारी से झाड़ रहे पल्ला
🔳 गांवों के लोगों को करना पड़ रहा तमाम परेशानियों का सामना
🔳 अधर में लटकी है कई महत्वपूर्ण पेयजल योजनाएं
🔳 कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने ज्ञापन सौंप बजट उपलब्ध कराने की उठाई मांग
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में जल जीवन मिशन योजना की कई योजनाओं के अधर में लटके होने पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से वार्ता कर योजना का कार्य ठप पड़े होने पर नाराजगी जताई। डीएम को पत्र सौंप सरकार से अधूरी पड़ी योजनाओं का कार्य पूरा करवाए जाने को बजट अवमुक्त कराए जाने की मांग उठाई। आरोप लगाया की विभागीय अधिकारी बजट का रोना रो जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ ले रहे हैं।
गांवों में जल जीवन मिशन योजनाओं का कार्य पिछले तीन वर्षों से भी अधिक समय से ठप पड़ा हुआ है। कई गांवों में महज पाइप लाइन बिछाकर छोड़ दी गई है। महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना जल विहीन योजना में तब्दील हो चुकी है। गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने डीएम ललित मोहन रयाल से वार्ता कर योजनाओं का कार्य अधूरा पड़े होने से सामने आ रही कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी को बताया कि बेतालघाट ब्लॉक में छड़ा – खैरना, अमेल, हरतपा, खलाड तथा उल्गौर समेत कई योजनाओं का कार्य पिछले तीन वर्षों से ठप पड़ा है जबकि योजना निर्माण में लाखों करोड़ों रुपये का बजट खर्च किया जा चुका है बावजूद गांवों के लोग पेयजल आपूर्ति का इंतजार कर रहे है। लंबे समय से योजना का कार्य बंद होने से गांवों में बने पेयजल टैंक लीकेज तक करने लगे हैं। आरोप लगाया कि योजना निर्माण के नाम पर सरकारी बजट को ठिकाने लगा दिया गया है। विभागीय अधिकारी बजट न होने का हवाला दे जिम्मेदारी से पीछे हट रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष ने जिलाधिकारी को पत्र सौंप सरकार से तत्काल बजट उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई है ताकि गांवों के लोगों को राहत मिल सके। सतीश नैनवाल के अनुसार यदि जल्द ठप पड़ी योजनाओं का कार्य शुरु नहीं करवाया गया तो मजबूरन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा। जिलाधिकारी ने मामले में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
