🔳 दो वर्ष पूर्व निर्माण होने के बावजूद नौनिहालों को नहीं मिला लाभ
🔳 खस्ताहाल रंगमंच परिसर में जान जोखिम में डाल कर रहे शिक्षा ग्रहण
🔳 पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने लगाया घटिया निर्माण का आरोप
🔳 सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर उठाई कार्रवाई की मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के सूदूर ताड़ीखेत गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के भवन निर्माण को 12 लाख रुपये से भी अधिक सरकारी धनराशि खर्च होने के बावजूद नवनिर्मित भवन में कई अनियमताओं के कारण विद्यार्थियों को नए भवन का लाभ नहीं मिल पा रहा। मजबूरी में नौनिहाल गांव में बने रंगमंच परिसर में बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। रंगमंच परिसर के भी जीर्ण-शीर्ण हालत में होने से नौनिहालों की जिंदगी पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है बावजूद जिम्मेदारों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही।
गांवों में स्थित कई विद्यालयों में शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है वहीं विद्यालय भवनों की बद्तर स्थित से नौनिहाल जान जोखिम में डाल प्राथमिक शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जिम्मेदारों की अनदेखी से अब सरकारी बजट से बने नवनिर्मित विद्यालय भवन का लाभ तक नौनिहालों को नहीं मिल पा रहा। कुछ ऐसी ही हकीकत बयां कर रहा है राजकीय प्राथमिक विद्यालय ताड़ीखेत का नवनिर्मित भवन। अभिभावकों व ग्रामीणों को उम्मीद थी कि 12 लाख रुपये की भारी-भरकम धनराशि से बने नवनिर्मित भवन से गांव के पंद्रह नौनिहाल लाभान्वित होंगे तथा बच्चों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा पर भवन में गुणवत्ता का ध्यान न रखे जाने तथा कई कार्य आधे अधूरे छोड़ दिए जाने से दो वर्ष पूर्व बन चुका नवनिर्मित भवन सफेद हाथी बन चुका है। स्थानीय ललित प्रसाद के अनुसार जिम्मेदारों की लापरवाही से नौनिहालों को बेहतर सुविधा नहीं मिल पा रही मजबूरी में बच्चें जान जोखिम में डाल शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। आरोप लगाया की नवनिर्मित भवन में सीलन के अलावा रंग रोगन भी घटिया स्तर का किया गया है जबकि विद्युत व पेयजल की फिटिंग भी निम्न स्तर की कर दी गई है। बताया की मामले की शिकायत मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में भी दर्ज करा दी गई है। ग्राम प्रधान पूजा देवी ने भी गहरी नाराजगी जता गुणवत्ता की जांच पर भी जोर दिया है। स्थानीय हरीश कुमार ने दो वर्ष पूर्व बन चुके भवन में अब तक विद्यालय संचालित न होने पर रोष जताया है‌। ग्रामीणों ने एक स्वर में जल्द नवनिर्मित भवन को दुरुस्त कर कक्षाएं संचालित किए जाने की मांग उठाई है। मुख्य शिक्षा अधिकारी आरएस नेगी के अनुसार बीइओ को जांच के लिए निर्देशित कर दिया गया है। रिपोर्ट मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!