🔳 देवभूमि व्यापार मंडल बेतालघाट ने दिया समर्थन
🔳 अमेल गांव में तीन सूत्रीय मांगों को लेकर क्रमिक अनशन पर डटे हैं ग्रामीण
🔳 सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता भी हुई विफल
🔳 जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने पर तेज होगा आंदोलन
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से सटे अमेल गांव स्थित यात्री प्रतीक्षालय में तीन सूत्रीय मांगों को लेकर क्रमिक अनशन पर डटे आंदोलनकारियों के समर्थन में मातृशक्ति भी आ गई है। देवभूमि व्यापार मंडल बेतालघाट ने भी मांगों को जायज ठहरा आंदोलन को समर्थन दे दिया है। इधर सिंचाई विभाग के अवर अभियंता व सहायक अभियंता तथा आंदोलनकारियों के बीच हुई वार्ता भी विफल हो गई है। आंदोलनकारियों ने जिम्मेदार अफसरों के आंदोलन स्थल पर पहुंचने व मांगो के पूरे होने के बाद ही पीछे हटने का ऐलान किया है। जिम्मेदारों की उपेक्षा से परेशान अमेल गांव के ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है।बीते शुक्रवार से मुख्य मोटर मार्ग पर स्थित यात्री प्रतिक्षालय परिसर में क्रमिक अनशन पर डटे आंदोलकारियों का गांव की महिलाओं ने आंदोलनस्थल पर पहुंचकर उत्साह बढ़ाया। देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी ने भी पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। मांगों को जायज ठहराया। सिंचाई नहर के लिए भारी बजट भी उपलब्ध होने के बावजूद अब तक कार्य पूरा न होने पर गहरी नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा की बिसगुली लोअर लेफ्ट सिंचाई नहर से सिंचाई को पानी उपलब्ध न होने से खेत बंजर हो चुके हैं। छह वर्षों से बदहाल पड़ी सिंचाई नहर के पुनर्निर्माण को करोड़ों रुपये का बजट उपलब्ध होने के बावजूद नहर का कार्य ठप पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने एक स्वर में जल्द नहर का निर्माण कार्य पूरा कर पानी की आपूर्ति किए जाने, ग्राम पंचायत में पेयजल योजना का निर्माण तथा ग्रामीणों की निजी भूमि व ग्राम पंचायत व सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई। चौथे दिन क्रमिक अनशन पर दिलिप सिंह मछखोली, शिवराज सिंह, हरीश काशमीरा, हेमंत बेलवाल बैठे। इस दौरान श्याम सुंदर सिंह, मनोज सिंह, गिरधर सिंह, मनोहर सिंह बिष्ट, नंदन सिंह, हीरा सिंह, गोपाल सिंह, जय किशन, बाला दत्त, हरदयाल सिंह, शिवराज सिंह, लक्ष्मण सिंह, नवीन चमकनी, शिशुपाल सिंह, शेखर चंद्र, चंद्रशेखर पंत, बिशन सिंह, लक्ष्मण भंडारी, जीवंती देवी, महिमा, नीमा, हंसी, पुष्पा, रेखा, निशा, पूजा देवी, मीना बिष्ट, पूजा देवी आदि मौजूद रहे।
