🔳 हनुमान चालीसा का पाठ कर लगाया ध्यान
🔳 टीम के अन्य सदस्य भी पहुंचे कैंची धाम
🔳 हनुमान अंश पार्ट टू के लिए मांगा बाबा से आशीर्वाद
🔳 मंदिर प्रबंधन से भी कई बिन्दुओं पर की चर्चा
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
हनुमान अंश फिल्म में बाबा नींब करौरी का मुख्य किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्या ने फिल्म के अन्य सदस्यों के साथ कैंची धाम पहुंचकर बाबा के दर पर शीश झुकाए। हनुमान चालीसा का पाठ कर ध्यान लगाया। मंदिर प्रबंधन सदस्यों से कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। शोभिनव के आश्रम पहुंचने की सूचना पर मंदिर के गेट पर प्रशंसकों का जमावड़ा लग गया। पुलिस प्रशासन व्यवस्था बनाने में जुटा रहा।
बाबा नीब करौरी की जीवनी व चमत्कारों पर बनी हनुमान अंश फिल्म ने फिल्मी दुनिया में धूम मचा दी है। महज दो करोड़ रुपये के बजट से बनी फिल्म अब चार करोड़ रुपये से ज्यादा का मुनाफा कमा चुकी है। फिल्म के गीत भी वर्तमान में हर किसी की जुबान पर है। सोमवार को फिल्म में बाबा नींब करौरी का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्या फिल्म में शामिल अन्य सदस्यों के साथ अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचे। अभिनव सत्या को कैंची धाम में देख श्रद्धालुओं ने पूरा क्षेत्र सीताराम, सीताराम के जयकारों से गुंजायमान कर दिया। फिल्म के मुख्य कलाकार व अन्य सदस्यों ने बाबा के दर पर मत्था टेक हनुमान चालीसा का पाठ किया। मंदिर प्रबंधक प्रदीप साह व अन्य सदस्यों ने कलाकारों का स्वागत किया। शोभिनव सत्या व टीम के सदस्यों ने मंदिर प्रबंधन से कई बिंदुओं पर चर्चा की। मंदिर के आसपास किए जा रहे विकास कार्यों के विषय पर जानकारी जुटाई। टीम के सदस्यों ने हनुमान अंश पार्ट टू की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। आश्रम प्रबंधन ने फिल्म की सराहना की तथा पार्ट टू निर्माण के लिए शुभकामनाएं दी। श़भिनव सत्या के कैंची धाम पहुंचने की सूचना पर मंदिर के मुख्य गेट पर प्रशंसकों का जमावड़ा लग गया। शोभिनव ने भी प्रशंसकों को मायूस नहीं किया तथा सभी से एक एक कर मुलाकात की। भवाली व कैंची पुलिस की टीम भी मुस्तैदी से जुटी रही।
