🔳 पुलिस, मंदिर प्रबंधन व एसआइएस कर्मचारियों ने संभाली व्यवस्था
🔳 मौके पर डटे रहे एसपी क्राइम, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
🔳 बाबा के जयकारों से गूंजायमान हुआ समूचा धाम
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
देश विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था केंद्र सुप्रसिद्ध कैंची धाम में पैंतीस हजार बाबा भक्तों ने कतारबद्ध होकर बाबा के दर पर मत्था टेका। एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा मय टीम व्यवस्था चाक चौबंद करने में जुटे रहे। पुलिस की विशेष रणनीति का असर दिखाई दिया जिससे श्रद्धालुओं ने आसानी से एक एक कर आश्रम में प्रवेश किया। हाईवे पर यातायात की स्थिति भी सामान्य रही।
रविवार को सुबह से ही बाबा नींब करौरी के भक्तों का कैंची धाम पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया। बीते रोज उमड़े आस्था के सैलाब के मद्देनजर कई श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर के मुख्य गेट पर डट हनुमान चालीसा के पाठ में जुट गए। विशेष पूजा-अर्चना व महाआरती के बाद कपाट खुलने से बाबा नींब करौरी के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने आश्रम में प्रवेश किया। दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या हजारों में पहुंच गई पर मंदिर प्रबंधन, पुलिस व एसआइएस कंपनी के जवानों ने व्यवस्था दुरुस्त करने को कड़ी मेहनत की। एसपी क्राइम डा. चंद्रा भी श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश कराने में जुटे रहे। एसपी क्राइम ने पूरे क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस की विशेष रणनीति के चलते हाईवे पर यातायात व्यवस्था भी सामान्य बनी रही। शाम तक करीब 35 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दर पर मत्था टेक सुख, शांति व समृद्धि को प्रार्थना कर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
