🔳 अस्पताल में भी बिन पानी चरमराई व्यवस्थाएं
🔳 थुआ की पहाड़ी से निकल रहे पानी पर निर्भर हो रहे क्षेत्रवासी
🔳 शुद्ध पानी उपलब्ध न होने से मंडराया बिमारी का खतरा
🔳 क्षेत्रवासियों ने जल्द आपूर्ति सुचारु किए जाने की उठाई मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में सप्ताहभर से पेयजल आपूर्ति ठप पड़े होने से बूंद बूंद पानी को हाहाकार मचा हुआ है। मजबूरी में क्षेत्र के लोग भारी बारिश के दौरान थुआ की पहाड़ी से निकल रहे पानी के इस्तेमाल को मजबूर हो चुके हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में भी पानी का संकट गहराने से तमाम व्यवस्थाएं चरमरा गई है। क्षेत्रवासियों ने जल्द आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है।
बीते दिनों हुए तेज बारिश से उफान में आई शिप्रा नदी से गरमपानी खैरना क्षेत्र को पेयजल उपलब्ध कराने वाली योजना के पाइपों को तहस नहस कर डाला। कई जगह पहाड़ी से हुए भूस्खलन से गिरे पत्थरों से भी योजना क्षतिग्रस्त हो गई। योजना को नुकसान पहुंचने से बाजार क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। सप्ताहभर से पेयजल संकट गहराने से क्षेत्रवासियों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवार दूर दराज के प्राकृतिक जल स्रोत से पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं तो कई परिवार पहाड़ी से निकल रहे पानी से हलक तर कर रहे हैं। स्थानीय बिशन सिंह जंतवाल के अनुसार पेयजल योजना के आए दिन क्षतिग्रस्त होने से लोगों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है बावजूद स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से साफ सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। स्थानीय लोगों ने जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। जल संस्थान के अवर अभियंता चेतन कुमार के अनुसार योजना को दुरुस्त किए जाने का कार्य गतिमान है जल्द आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!