🔳 श्लोक उच्चारण में राजकीय महाविद्यालय ने किया दमदार प्रदर्शन
🔳 जीआइसी बेतालघाट में संस्कृत महोत्सव में हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं
🔳 विजेताओं को नगद धनराशि व प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मानित
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बेतालघाट में संस्कृत महोत्सव के दूसरे दिन सिनियर वर्ग में हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने दमदार प्रदर्शन कर कला का जौहर दिखाया। समूह गान में जीआइसी ताडी़खेत तथा समूह नृत्य में अटल उत्कृष्ट जीआइसी जितुवापीपल की टीम विजेता बनी। विजयी प्रतिभागियों को नगद धनराशि के साथ ही प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।
गुरुवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बेतालघाट में 18वीं ब्लॉक स्तरीय संस्कृत स्पर्धा के दूसरे दिन सिनियर वर्ग की प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि कनिष्ठ प्रमुख लीला राम, विशिष्ट अतिथि माधो सिंह बोहरा, एसएमसी अध्यक्ष जानकी देवी व विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद्र त्रिपाठी ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।सीनियर वर्ग की प्रतिस्पर्धाओं में 12 विद्यालयों के 80 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। समूह गान में जीआइसी ताडी़खेत तथा समूह नृत्य में अटल उत्कृष्ट जीआइसी जितुवापीपल की टीम विजेता बनी। वाद विवाद प्रतियोगिता में कमलेश्वर वेद विद्यालय बेतालघाट, आशु भाषण प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज लोहाली, श्लोक उच्चारण में राजकीय महाविद्यालय बेतालघाट तथा संस्कृत नाटक प्रतियोगिता में जीआइसी गरजोली ने पहला स्थान प्राप्त किया। पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 800, 600 तथा 400 रुपये की नगद धनराशि के साथ ही प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। ब्लॉक संयोजक डा. अरविंद मिश्रा ने प्रतियोगिता की सफलता पर शिक्षकों व विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
