🔳 जल संस्थान के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर खड़े किए सवाल
🔳 पानी न मिलने से तीस परिवार बूंद बूंद पानी को हलकान
🔳 उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौप उठाई कार्रवाई की मांग
🔳 सुप्रसिद्ध कैंची क्षेत्र से जुड़ा है मामला
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित कैंची क्षेत्र में केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना से गांव को पानी उपलब्ध न कराकर नियमों के विरुद्ध होटल व्यवसायियों को पानी की आपूर्ति किए जाने का आरोप लगा ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है। उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जल संस्थान के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर मिलीभगत से गांव के लोगों के हितों से खिलवाड़ किए जाने पर रोष जता पानी का व्यवसायिक इस्तेमाल रोकने की मांग उठाई है।
कैंची क्षेत्र व आसपास के लोगों को समुचित पेयजल उपलब्ध कराने को करोड़ों रुपये की लागत से जल जीवन मिशन योजना का निर्माण किया गया। ग्रामीणों को उम्मीद थी की योजना निर्माण से पेयजल संकट से निजात मिल सकेगी पर अब भी ग्रामीण बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं। स्थानीय उम्मेद सिंह किरौला व ग्रामीणों ने श्री कैंची धाम तहसील के एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपकर गांव की योजना से होटलों को पानी की आपूर्ति किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। शिकायती पत्र के माध्यम से आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से होटलों को पानी की आपूर्ति की जा रही जबकि गांव के करीब तीस परिवार बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर कार्रवाई की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द पेयजल के व्यवसायिक इस्तेमाल पर रोक नहीं लगाई गई तो ग्रामीण जल संस्थान के खिलाफ तहसील मुख्यालय में धरना देंगे। तत्काल गांव के लोगों को पानी उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। जल संस्थान के अवर अभियंता चेतन कुमार के अनुसार किसी भी होटल को पानी नहीं दिया गया है। महज बाजार में स्थित सुलभ शौचालय को आपूर्ति की जा रही है यदि किसी होटल को पानी दिया गया है तो मामले में कार्रवाई करेंगे।
