🔳 पेयजल आपूर्ति न होने से चालीस से अधिक परिवार परेशान
🔳 दर दराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोना बनी मजबूरी
🔳 लगातार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुध न लेने पर नाराजगी
🔳 जल्द आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे सूरी व पडयूला गांव में बूंद बूंद पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। मजबूरी में ग्रामीण दूर दराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। नाराज ग्रामीणों ने जल्द पेयजल आपूर्ति दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
हाईवे से सटे सूरी व पडयूला गांव में चालीस से अधिक परिवारों को पिछले कई दिनों से पानी नसीब नहीं हो रहा। जल जीवन मिशन योजना के तहत लाखों रुपये के बजट से बनी योजना से पेयजल उपलब्ध न होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि लगातार बिल भेजे जा रहे हैं पर पेयजल आपूर्ति नहीं की जा रही। पानी न मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल संकट के कारण दूर दराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोना मजबूरी बन चुकी है। आरोप लगाया कि कई बार संबंधित विभाग से व्यवस्था में सुधार को गुहार भी लगाई जा चुकी है बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा। आक्रोशित ग्रामीणों ने उपेक्षा पर आंदोलन की चेतावनी दी है। स्थानीय चंदन असवाल, राम सिंह, कृपाल सिंह, जीवन कांडपाल, प्रताप सिंह, कुंदन सिंह, दिलीप सिंह, दीवान सिंह, राजेंद्र सिंह, धन सिंह, गोपाल सिंह आदि ग्रामीणों ने जल्द व्यवस्था दुरुस्त किए जाने पर जोर दिया है। जल निगम के कनिष्ठ अभियंता पंकज जीना के अनुसार पेयजल योजना की लाइन में छेड़छाड़ की जा रही है जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कई बार व्यवस्था दुरुस्त भी की जा चुकी है। पेयजल लाइन में छेड़छाड़ संबंधी शिकायत पुलिस से भी की जा चुकी है। तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के प्रयास किया जाएगा।
