🔳 खाद्यान्न सामग्री सप्लाई करने वाले सप्लायर को भेजा नोटिस
🔳 उच्चाधिकारियों को भेजी मामले की रिपोर्ट
🔳 टेक होम राशन को हाईवे पर फेंके जाने व बर्बादी का मामला आया था सामने
🔳 मामले के जोर-शोर से उठने पर विभाग में मचा है हड़कंप
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र का टेक होम राशन फेंके जाने व राशन के गिरने पर बाल विकास विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। संबंधित विभाग की सीडीपीओ अनीता सक्सेना के अनुसार राशन की सप्लाई करने वाले सप्लायर को नोटिस भेज दिया गया है साथ ही उच्चाधिकारियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।
राज्य सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत नौनिहालों व गर्भवती तथा धात्री महिलाओं को पौष्टिक आहार के रुप में दलिया, मिलेट्स, बाल भोग लड्डू, खिचड़ी समेत कई अन्य सामग्री उपलब्ध कराती है। देहरादून से बड़े वाहनों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में बनाए गए डिपो में टेक होम राशन पहुंचने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों तक आपूर्ति की जाती है। बीते सोमवार को टेक होम राशन की केंद्रो तक आपूर्ति करने वाले सप्लायर की मनमानी से पौष्टिक आहार की बर्बादी का मामला सामने आया। पौष्टिक आहार के कट्टों को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर फेंके जाने व खाद्यान्न सामग्री के जमीन में गिरने से हड़कंप मच गया। बच्चों व गर्भवती तथा धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराए जाने वाले पौष्टिक आहार की बर्बादी तथा हाईवे पर फेंके जाने से बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने टेक होम राशन की दुर्गति पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की सरकार पौष्टिक आहार उपलब्ध करा रही है दूसरी ओर आहार की बर्बादी की जा रही है। मामले में कार्रवाई पर जोर दिया। मामले के सामने आने के बाद अब बाल विकास विभाग ने भी मामले को गंभीरता से टेक होम राशन की आपूर्ति करने वाले सप्लायर के खिलाफ शिंकजा कस दिया है। सीडीपीओ अनीता सक्सेना के अनुसार सप्लायर को नोटिस भेज कड़ी हिदायत दी गई है। उच्चाधिकारियों को भी रिपोर्ट भेज दी गई है। अग्रिम आदेश मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
