🔳 घटिया कार्य कर बजट लगाया जा रहा ठिकाने
🔳 नाराज पंचायत प्रतिनिधि धमके श्री कैंची धाम तहसील
🔳 तहसीलदार के माध्यम से डीएम व केंद्रीय मंत्री को भेजा शिकायती पत्र
🔳 जनहित से खिलवाड़ किए जाने पर जताया रोष
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सिल्टोना ब्यासी मोटर मार्ग पर पूर्व में स्वीकृत बजट में बची शेष धनराशि से किए जा रहे गुणवत्ताविहीन कार्यों पर पंचायत प्रतिनिधि भड़क गए हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने श्री कैंची धाम तहसील के तहसीलदार के माध्यम से सड़क व परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा को शिकायती पत्र भेज पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर वर्तमान में किए जा रहे कार्यों में लीपापोती कर बजट ठिकाने लगाए जाने का आरोप लगाया है।
मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्या की अगुवाई में तमाम गांवों के ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री कैंची धाम तहसील के तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी से मिले। बताया कि सिल्टोना ब्यासी मोटर मार्ग पर पूर्व में स्वीकृत सात करोड़ रुपये के बजट से कार्य किया गया। वर्तमान में शेष बचे डेढ़ करोड़ रुपये के बजट से दोबारा कार्य किया जा रहा है‌। सुरक्षित यातायात को क्रश बैरियर लगाए जाने की मांग उठाए जाने के बावजूद घटिया पैराफिटो का निर्माण किया जा रहा है। आरोप लगाया की बजट ठिकाने लगाने को महज लीपापोती की जा रही है‌ जिस कारण क्षेत्र की जनता मैं गहरा रोष व्याप्त है। पंचायत प्रतिनिधियों ने तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल व केंद्रीय सड़क व परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा को पत्र भेज मामले को गंभीरता से ले पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर जनहित को ध्यान में रख कार्य किए जाने की मांग उठाई है‌। चेतावनी दी है की मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान ग्राम प्रधान सिल्टोना किरन आर्या, प्रधान चौरसा किशोर सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान त्रिभुवन पाठक, प्रधान ब्यासी विमला देवी, प्रधान मझेडा, प्रधान सीम, क्षेत्र पंचायत सदस्य मझेडा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *