🔳 खैरना बाजार में शुरु हुआ बरसाती नाली का पुनर्निर्माण कार्य
🔳 कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद नहीं ली गई सुध
🔳 देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष ने दर्ज कराई शिकायत
🔳 बाजार में दोनों ओर बनी नाली व कलमठो की सफाई पर भी दिया जोर
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में बदहाल बरसाती नाली का पुनर्निर्माण शुरु होने से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जग गई है। मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में शिकायत दर्ज होने के बाद जागे एनएच प्रशासन ने नाली का पुनर्निर्माण कार्य शुरु कराया है। खस्ताहाल बरसाती नाली से बाजार में आवाजाही भी बेहद ख़तरनाक हो चुकी थी।
खैरना बाजार क्षेत्र में कुछ माह पूर्व बरसाती पानी की निकासी के लिए बंद नाली को खोदकर खुलवा तो दिया गया पर एनएच विभाग नाली की मरम्मत करना भूल गया। खुली नाली में आए दिन लोग गिरकर चोटिल होने लगे। स्कूली बच्चों की जिंदगी पर भी खतरा बढ़ता गया। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद जब एनएच प्रशासन ने सुध नहीं ली तो देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा ने मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। पुष्कर पनौरा ने तत्काल बरसाती नाली के पुनर्निर्माण व बाजार क्षेत्र में दोनों ओर बनी नाली की सफाई की मांग भी उठाई। सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद हरकत में आए एनएच प्रशासन ने अब नाली के पुनर्निर्माण का कार्य शुरु करा दिया है। राधिका पुनर्निर्माण कार्य शुरू होने से अब आगामी बरसात में लोगों को रात मिलने की उम्मीद है। बाजार क्षेत्र में लंबे समय बाद खस्ताहाल पड़ी बरसाती नाली का पुनर्निर्माण कार्य शुरु होने पर देवभूमि व्यापार मंडल की महिला उपाध्यक्ष रीना राठौर, भरत जलाल, कन्नू गोस्वामी, गजेंद्र सिंह नेगी समेत कई व्यापारियों ने खुशी व्यक्त की है।
