🔳 भुजान – बर्धो मोटर मार्ग पर आवाजाही हुई खतरनाक
🔳 गड्डे भरने को सड़क पर डाली मिट्टी, पत्थर व कंकर
🔳 कार्य शुरु होते ही लापरवाही सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी
🔳 मनमानी कतई बर्दाश्त न करने की चेतावनी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग में विभिन्न कार्यों के लिए स्वीकृत आठ करोड़ रुपये के भारी भरकम बजट से शुरु हुए कार्यों की शुरुआत में ही लापरवाही सामने आ गई गई है। बदहाल मोटर मार्ग पर गड्ढों को भरने के लिए मोटर मार्ग से सटी पहाड़ी से ही खदान कर मिट्टी व पत्थर बिछा डाले गए हैं जिससे आवाजाही बेहद ख़तरनाक हो गई है। भारी भरकम बजट के बावजूद पहाड़ी खदान कर मिट्टी व पत्थर निकाले जाने से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।
कारगील शहीद बलवंत सिंह के नाम पर बने भुजान बर्धो मोटर मार्ग की मरम्मत व सुधारीकरण कार्य के लिए राज्य सरकार ने लगभग आठ करोड़ रुपये के भारी भरकम बजट को हरी झंडी दी है। निविदा समेत अन्य प्रक्रिया के बाद अब मोटर मार्ग पर कार्य शुरु कर दिया गया है पर कार्य की शुरुआत में ही मोटर मार्ग पर खतरा बढ़ा दिया गया है वहीं मानवजनित आपदा की तैयारी भी कर ली गई है। बदहाली से कराह रहे मोटर मार्ग पर गड्ढों को भरने के लिए समीप ही पहाड़ी को खोद मिट्टी पत्थर व कंकड़ रोड पर डाल दिया गया है। मिट्टी व पत्थरों से आवाजाही खतरनाक होने के साथ ही खोदी गई पहाड़ी से भविष्य में भूस्खलन का अंदेशा भी बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों ने भारी भरकम बजट के बावजूद मिट्टी का इस्तेमाल व पहाड़ी खोदे जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। मोटर मार्ग पर गुणवत्तायुक्त कार्य किए जाने की मांग उठाई है। चेताया है कि यदि गुणवत्ता से खिलवाड़ किया गया तो आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी। लोनिवि के सहायक अभियंता हीरा सिंह बिष्ट ने बताया कि जल्द ही निरीक्षण किया जाएगा। गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *