🔳 अभिभावकों ने कुमाऊं आयुक्त व जेएनवी के कमिश्नर को भेजा शिकायती पत्र
🔳 बच्चों से मारपीट व विद्यालय के हालातों पर जताई चिंता
🔳 शिकायती पत्र के आधार पर एसडीएम ने किया विद्यालय का निरीक्षण
🔳 अनियमितताओं को तत्काल दूर करने के दिए निर्देश
🔳 रैगिंग समेत अन्य बिंदुओं पर तलब की रिपोर्ट
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाडी) में तमाम अनियमिताओं समेत बच्चों से मारपीट के मामले से हड़कंप मच गया है। अभिभावकों ने मामले की शिकायत कुमाऊं आयुक्त व जेएनवी के कमिश्नर को भेज कार्रवाई की मांग उठाई है। अभिभावकों ने कई गंभीर आरोपों का उल्लेख कर कभी भी बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा भी जताया है। श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम मोनिका के अनुसार शिकायती पत्र के आधार पर निरीक्षण किया गया है। कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। अन्य बिंदुओं पर भी रिपोर्ट मांग ली गई है।
हाईवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) विवादों में आ गया है। विद्यालय में अध्ययनरत नौनिहालों के कई अभिभावकों ने विद्यालय के हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त की है यही नहीं अभिभावकों ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत व जेएनवी के आयुक्त को भी शिकायती पत्र भेज गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायती पत्र के माध्यम से बताया है की विद्यालय में तमाम अनियमितता व्याप्त है। छोटी कक्षाओं में अध्ययनरत बच्चों की रैगिंग की जा रही है। कई बच्चे चोटील तक हो चुके हैं। सिनियर विद्यार्थी जूनियर्स के उत्पीड़न पर आमादा है। आरोप लगाया है कि विद्यालय में कई कक्षाएं नियमित संचालित नहीं हो रही। समस्याएं उठाने पर बच्चे की टीसी ले जाने की बात कहकर धमकाया जा रहा है। वहीं छात्रावास में भी दरवाजे व टूटी खिड़कियां विद्यालय की बदहाली की हकीकत बयां कर रहे हैं। शिकायती पत्र के माध्यम से बताया है की स्थाई प्रधानाचार्य की तैनाती न होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं जिस कारण अभिभावक अपने बच्चों को जेएनवी से छुड़ाकर दूसरे विद्यालय में पढ़ाई कराने को मजबूर हो चुके हैं। अभिभावकों ने अंदेशा जताया है की यदि समय रहते मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है। अभिभावकों के शिकायती पत्र के बाद एक्शन मोड पर आई उपजिलाधिकारी मोनिका ने शुक्रवार को विद्यालय का जायजा लिया। एसडीएम के अनुसार विद्यालय की कमियों को दूर करने को विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित कर दिया गया है। विद्यालय स्तर पर जांच कमेटी भी जांच कर रही है‌। प्रभारी प्रधानाचार्य दीपा जोशी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है जांच के बाद ही कुछ कह पाऊंगी। कहा की समय समय पर समस्याओं का समाधान किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *