🔳 जगह जगह जलभराव ने खोली व्यवस्था की पोल
🔳 बेतालघाट में नाली से बहकर आया कूड़ा बाजार में फैला
🔳 पहाड़ियों से पत्थर गिरने से हाईवे पर आवाजाही हुई खतरनाक
🔳 गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र की ओर पत्थर गिरने से रहा अफरातफरी का माहौल
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
मध्य रात्रि से मौसम के एकाएक मिजाज बदलने के बाद मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सड़कों पर जलभराव से आवाजाही करने वाले लोग परेशान रहे। हाईवे से सटी पहाड़ियों से पत्थरों के गिरने से कई यात्री वाहन चपेट में आने से बचे। गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में थुआ की पहाड़ी से गिरे पत्थरों से अफरातफरी का माहौल बना रहा। दिन भर में कई बार पहाड़ी से बाजार की ओर पत्थर गिरे। बेतालघाट क्षेत्र में नालियों में बहकर आए कूड़े से बाजार पटा रहा।
बारिश के साथ सामने आने वाली परेशानियों से कोसी घाटी के लोग परेशान हो जा रहे हैं। बुधवार को मध्य रात्रि से शाम तक हुई बारिश से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सुयालखेत, खैरना तथा भुजान क्षेत्र में कुंजगढ क्षेत्र में जलभराव से तमाम समस्याएं खड़ी हो गई। गांवों की ओर पैदल आवाजाही करने वालों ने तमाम परेशानियों के बीच बाजार से घरों को रुख किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने हाईवे पर बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई। हाईवे पर नावली, पाडली, दोपांखी, सुयालखेत समेत तमाम स्थानों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से खतरा बना रहा। कई यात्री वाहन भी चपेट में आने से बाल बाल बचे। थुआ की पहाड़ी से भी पत्थरों के गरमपानी खैरना बाजार की ओर गिरने से हड़कंप मचा रहा। गनीमत रही की कोई चपेट में नही आया और बड़ी अनहोनी टल गई। बेतालघाट मुख्य बाजार क्षेत्र में भी बारिश से सामने आई परेशानियों से स्थानीय लोग परेशान रहे। बारिश के पानी के बहाव से नालियों से कूड़ा बाहर निकल जगह जगह बाजार क्षेत्र में फैल गया। बाजार में जगह जगह कूड़ा फैलने से क्षेत्रवासियों को तमाम परेशानियों का करने को मजबूर होना पड़ा। देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी ने नैनीताल स्थित जिला पंचायत कार्यालय में संपर्क साधा व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई।
