🔳 एक किमी दायरे में जान जोखिम में डाल करनी पड़ रही आवाजाही
🔳 कई बार सरकारी बजट से हो चुकी मरम्मत पर नहीं सुधरे हालात
🔳 ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
🔳 लोनिवि नैनीताल से हटाकर जिम्मेदारी रानीखेत खंड को सौंपने की मांग
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे से दो दर्जन से भी अधिक गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मोटर मार्ग बचौडी क्षेत्र में बजट ठिकाने का जरिया बन चुका है। कई बार भारी-भरकम बजट खर्च होने के बावजूद मार्ग बदहाल है। क्षेत्रवासियों ने सड़क को लोनिवि नैनीताल से हटाकर लोनिवि रानीखेत को सौंपने की मांग उठाई है। ताकि हालातों में सुधार हो सके।
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय समेत धारी, खैरनी, हल्सो, कोरण तथा ताड़ीखेत ब्लॉक के तिपोला, चापड़, हिडाम, टूनाकोट, मंडलकोट, बगवान समेत तमाम गांवों के ग्रामीण खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे से कुंजगढ पुल होते हुए भुजान – बेतालघाट – बचौडी मोटर मार्ग से आवाजाही करते हैं पर कुंजगढ पुल से बचौडी तक करीब डेढ़ किमी दायरें में बदहाल स्थिति में है। कई बार भारी भरकम बजट से मोटर मार्ग पर डामरीकरण भी किया जा चुका है पर गुणवत्ता विहीन कार्यों से डामरीकरण दम तोड़ जा रहा है। स्थानीय सुनील मेहरा, कुलदीप सिंह खनायत के अनुसार मोटर मार्ग के खस्ताहाल होने से जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर होना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारी एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल इतिश्री कर लेते हैं पर खामियाजा आवाजाही करने वालों को भुगतना पड़ रहा है। खस्ताहाल सड़क पर कई बाइक सवार रपट कर गंभीर रुप से घायल तक हो चुके हैं। बावजूद सुध नहीं ली जा रही जबकि उक्त मार्ग से तीन दर्जन से भी अधिक गांवों के लोग आवाजाही करते हैं। गांव के किसान भी इसी सड़क से उपज को स्टेट हाईवे तक पहुंचाते हैं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। मोटर मार्ग को लोनिवि नैनीताल से मुक्त कर लोनिवि रानीखेत के हवाले किए जाने पर भी जोर दिया है। विजय नेगी, गोविन्द राणा, विपीन सिंह, राजेंद्र नेगी, गजेंद्र नेगी आदि ने सड़क की हालत में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
