🔳 बेतरतीब खदान से बड़ी आपदा का जताया अंदेशा
🔳 माफिया पर सरकार को राजस्व का नुक़सान पहुंचाने का लगाया आरोप
🔳 ओवरलोडिंग पर भी कार्रवाई की उठाई मांग
🔳 कभी भी बड़ी दुर्घटना सामने आने की जताई चिंता
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

ग्रामीण क्षेत्रों में धड़ल्ले से बेरोकटोक हो रहे अवैध खनन तथा ओवरलोडिंग पर कार्रवाई न होने से नाराज आरटीआई कार्यकर्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग उठाई है‌। ज्ञापन के माध्यम से बताया है कि गांवों में बहने वाले बरसाती नालों में बेतरतीब खदान कर आपदा को न्यौता दिया जा रहा है वहीं उपखनिज व पत्थरों की चोरी कर सरकार को भी राजस्व की क्षति पहुंचाई जा रही है‌। ओवरलोडिंग पर भी कार्रवाई पर जोर दिया है।
गुरुवार को आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह मेहरा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मंजूनाथ टीसी के कार्यालय में पत्र सौंपा। शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि बेतालघाट ब्लॉक के घटगाढ़, जजूला, धनियाकोट के बरसाती नाले में खनन माफिया सक्रिय हैं। बेतरतीब खदान कर बढ़ी आपदा को आमंत्रण दिया जा रहा है। कई बार मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। चोरी के पत्थरों व उपखनिज का इस्तेमाल सरकारी कार्यों में किया जा रहा है जिससे सरकार को भी राजस्व का नुक़सान पहुंच रहा है। आरटीआई कार्यकर्ता ने ग्रामीण सड़कों पर मानक से अधिक यात्री भरकम दौड़ रहे वाहनों से भी बड़ी दुर्घटना का अंदेशा जता ओवरलोडिंग रोकने की मांग उठाई है।