🔳 फलदार पौधों से गिरे बौर, खेतों में सब्जी की उपज बर्बाद
🔳 खेतों की हालत देख किसान हुए मायूस
🔳 ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने मुआवजा दिए जाने की उठाई मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

मौसम के एकाएक करवट बदलने के बाद शुरु हुए तेज अंधड़ व ओलावृष्टि ने बेतालघाट ब्लॉक के घोडिया हल्सों ग्राम पंचायत के तमाम तोको में किसानों को भारी नुकसान पहुंचा दिया। जहां अंधड़ से फलदार पेड़ों के बौर गिरा डाले वहीं ओलावृष्टि ने खेतों में सब्जी को उपज को चौपट कर डाला है। अंधड़ व ओलावृष्टि से हुए नुकसान से गांवों के किसान मायूस हो गए हैं।
बीती रात मौसम का मिजाज बदलने के बाद तेज अंधड़ व बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि किसानों के लिए मुसीबत बन गई। ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट से सटे घोडिया हल्सों गांव के घोडिया टापू, कठैला, चिलकिया, खिलूं, कुरिया पाताल के साथ ही घोड़ियां हल्सो गांव में मटर, टमाटर, नींबू, मिर्च के पौधे ओलावृष्टि से तहस नहस हो गए जबकि अंधड़ ने आम, खुमानी, आड़ू, पूलम आदि के पेड़ों पर लगे फूल गिरा डाले। सोमवार सुबह जब किसान खेतों में पहुंचे तो स्थिति देख चिंतित हो उठे। ग्राम प्रधान गणेश चंद्र के अनुसार ओलावृष्टि व अंधड़ ने किसानों की उपज बर्बाद कर डाली है। किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्राम प्रधान ने किसानों की आर्थिक स्थिति बिगड़ने का भी अंदेशा जताया। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नवीन कश्मीरा, गिरधारी लाल, नंद किशोर, गिरीश चंद्र, संजय कश्मीरा, किशोर चंद्र आदि ने किसानों को नुकसान का मुआवजा दिए जाने की मांग प्रशासन से की है।