🔳 जिलाधिकारी ने दिए एक्सपर्ट कमेटी से निरीक्षण के निर्देश
🔳 पूर्व में कराया जा चुका है गांव का भूगर्भी सर्वे
🔳 एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे कदम बढ़ाएगा प्रशासन
🔳 आवासीय भवनों के नीचे दरार व कोसी नदी की ओर धंसाव बढ़ने से चिंतित हैं ग्रामीण
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के बसगांव में एक दर्जन से अधिक आवासीय भवनों के ठिक नीचे दरारें गहराने व कोसी नदी की ओर धंसाव बढ़ने के मामले में भूगर्भीय रिपोर्ट आने के बाद अब देहरादून के विशेषज्ञों की टीम गांव का दौरा करेगी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने एक्सपर्ट कमेटी से दोबारा सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। उपजिलाधिकारी मोनिका के अनुसार एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
बंसगाव में बीते दिनों आवासीय भवनों के ठिक नीचे करीब दो मीटर लंबी दरार सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। कुछ ही दिनों में एक आवासीय भवन के साथ ही कोसी नदी क्षेत्र की ओर धंसाव बढ़ने से गांव के लोग दहशत में आ गए। मामले के जोर-शोर से उठने पर हरकत में आई श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने विभिन्न विभागों के साथ ही गांव का भूगर्भीय सर्वे भी कराया। गांव में लगातार गहराती दरारों से ग्रामीणों ने भी चिंता जताई। भूगर्भीय सर्वे रिपोर्ट सामने आने तथा रिपोर्ट में अलग अलग स्थानों पर सुरक्षा कार्य करवाए जाने के साथ ही एक्सपर्ट कमेटी से भी निरीक्षण का सुझाव दिए जाने पर अब जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने देहरादून की एक्सपर्ट कमेटी से गांव का सर्वे करवाए जाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम मोनिका ने बताया की जिलाधिकारी के निर्देश पर एक्सपर्ट कमेटी के सदस्य बंसगाव का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे कदम बढ़ाए जाएगी। फिलहाल लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सुरक्षात्मक कार्यों के प्रस्ताव भी तैयार करवाए जाएंगे।
