🔳 सलामी बल्लेबाजों ने ही लिख डाली जीत की पटकथा
🔳 बालिका क्रिकेटर को दी करारी शिकस्त
🔳 धूराफाट के नावली सीमा पर खेला गया मुकाबला
🔳 आसपास के गांवों से पहुंचे खेलप्रेमियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
कोसी घाटी से सटे धूराफाट क्षेत्र के नावली सीमा खेल मैदान पर दो दिवसीय बालिका क्रिकेट का रंगारंग आगाज हो गया। प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों की महिला व बालिका टीमें प्रतिभाग कर रही है। क्षेत्र में पहली बार खेली जा रही क्रिकेट चैम्पियनशिप में बेटियों का उत्साहवर्धन को सैकड़ों खेलप्रेमी खेल मैदान पर पहुंचे।
रविवार को नावली सीमा मैदान पर खेले गए मुकाबले का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल मैदान पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का आह्वान किया। अतिथियों ने कहा की ऐसी प्रतियोगिताओं से बेटियों को खेलने का मौका मिलता है। कड़ी मेहनत के बाद राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फलक पर पहचान बनाने की अपील भी की। नावली महिला व नावली बालिका के बीच खेले गए मुकाबले में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नावली बालिका की टीम ने निर्धारित बारह ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 57 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नावली महिला की टीम के सलामी बल्लेबाजों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर महज चार ओवर में ही विजयी लक्ष्य हासिल कर लिया। विजेता टीम की प्रियंका नेगी ने अपनी टीम के लिए 17 गेंदों में ताबड़तोड़ 48 रन की पारी खेली। भावना नेगी ने दो ओवर में विपक्षी टीम के पांच खिलाड़ियों को आउट कर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अपने नाम किया। इस दौरान आयोजन समिति अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष महिपाल सिंह नेगी, सलाहकार विक्की, सचिव मनीष, मानस आदि मौजूद रहे। महिला क्रिकेट का लुत्फ उठाने आसपास के गांवों से सैकड़ों खेलप्रेमी पहुंचे।
