🔳 दुर्घटना से लगा जाम, बाजार में लगी वाहनों की कतार
🔳 बाल बाल बचे दोनों वाहनों में सवार लोग
🔳 सूचना पर पहुंची पुलिस ने बामुश्किल यातायात करवाया सुचारु
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना बाजार क्षेत्र में दो वाहनों की आमने सामने भिड़ंत से हड़कंप मच गया। गनीमत रही की कोई राहगीर चपेट में नही आया और बड़ा हादसा टल गया। दोनों वाहनों में सवार लोग भी बाल बाल बच गए। खैरना पुलिस की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर बामुश्किल यातायात सुचारु करवाया।
सोमवार को पिथौरागढ़ निवासी पंकज अपने परिवार के सदस्यों के साथ कार यूके 04 वाई 5323 में सवार होकर हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर रवाना हुए। कार सवार हाईवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में पहुंचे ही थे की विपरीत दिशा से काशीपुर की ओर जा रहे बलवंत सिंह की कार यूके 18 एल 7539 से आमने सामने भिड़ंत हो गई। वाहनों की भिड़ंत की आवाज सुन बाजार क्षेत्र के व्यापारी दुकानों से बाहर निकल आए। गनीमत रही की वाहन में सवार लोग बाल बाल बच गए। वाहनों की टक्कर से हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर खैरना चौकी से राजेंद्र सती, दर्शन चौधरी व जगदीश धामी मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को स्थानीय लोगों की मदद से हाईवे से हटाकर बामुश्किल यातायात सुचारु करवाया। हाईवे पर यातायात सुचारु होने के बाद यात्रियों ने भी राहत की सांस ली।

error: Content is protected !!