🔳 विशेष अभियान चलाकर किया गया गंदगी का निस्तारण
🔳 पर्यावरण मित्रों की मदद से चलाया गया विशेष अभियान
🔳 गंदगी डालने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने की तैयारी
🔳 रातीघाट में कैबिनेट मंत्री व डीएम के सामने उठा था मुद्दा
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत रातीघाट में लगे शिविर में शिप्रा व कोसी नदी में गंदगी का मामला जोर-शोर से उठने तथा खैरना स्थित मोक्ष धाम में गंदगी डाले जाने का मामला तूल पकड़ने के बाद बामुश्किल जिला पंचायत ने विशेष सफाई अभियान चलाकर गंदगी का निस्तारण किया। अपर मुख्य अधिकारी के अनुसार गंदगी डालने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
जीवनदायिनी कोसी व पवित्र शिप्रा नदी के संगम पर खैरना क्षेत्र में बजबजा रही गंदगी से अंत्येष्टि को पहुंचने वाले लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद धड़ल्ले से गंदगी डाली जा रही है वहीं पवित्र शिप्रा नदी तक गंदगी का अंबार लगने के बाद मामले के तूल पकड़ने तथा रातीघाट में लगे शिविर में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या व जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के सामने मामला जोर-शोर से उठने व जिलाधिकारी के जिला पंचायत को निर्देशित किए जाने के बाद हरकत में आई जिला पंचायत की टीम ने सोमवार को खैरना मोक्ष धाम व कैंची क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया। पर्यावरण मित्रों की मदद से गंदगी को एकत्र कर कूड़ा वाहन के जरिए निस्तारण को ले जाया गया। दिनभर चले अभियान के तहत जगह जगह सफाई की गई। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार विश्नोई के अनुसार जिलाधिकारी व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल के निर्देश पर सफाई अभियान चलाकर गंदगी का निस्तारण किया गया है। गंदगी डालने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। कर निरीक्षक व कर अधिकारी को चालानी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा चुका है।

error: Content is protected !!