🔳 शेर पंपिंग पेयजल योजना से ठप हुई पेयजल आपूर्ति
🔳 कड़ाके की ठंड में दूर दराज से पानी ढोने को मजबूर हुए ग्रामीण
🔳 लगातार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुध न लेने का आरोप
🔳 ग्रामीणों ने जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की उठाई मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे से सटे पोखरी गांव में सप्ताह भर से पेयजल आपूर्ति ठप पड़े होने से हाहाकार मचा हुआ है। कड़ाके की ठंड में भी गांव के पचास से अधिक परिवार दूर दराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की जल्द आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।
ताड़ीखेत ब्लॉक के पोखरी गांव को कोसी नदी पर स्थित शेर पंपिंग पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है पर पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से पेयजल आपूर्ति ठप पड़े होने से गांव में बूंद बूंद पानी को हाहाकार मचा हुआ है। नलों से पानी की बूंद तक न टपकने से गांव के लोग कड़ाके की ठंड में सुबह शाम डेढ़ किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। छोटे छोटे बच्चों तक को पानी ढोने में जुटना पड़ रहा है जिस कारण नौनिहालों की पढ़ाई लिखाई भी प्रभावित हो जा रही है। सप्ताहभर से सुध न लिए जाने से ग्रामीणों में गहरा रोष भी व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया की कई बार कहने के बावजूद अनदेखी की जा रही है। तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। खामियाजा गांव के पचास से अधिक परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय दिलिप सिंह, प्रताप सिंह गौणी, खीम सिंह, तारा सिंह, देवेंद्र सिंह, शिव सिंह, गोपाल सिंह, भूपाल सिंह गौणी आदि ने पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक चेताया है कि उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।

error: Content is protected !!