🔳 वाहन के नीचे दबने से पांच बकरियों ने तोड़ा दम
🔳 चालक व वाहन सवार एक अन्य व्यक्ति भी घायल
🔳 पुलिस व स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल
🔳 रामगाढ़ पुल के दोनों छोरों पर सुरक्षित यातायात के उपाय नदारद
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रामगाढ़ क्षेत्र में द्वाराहाट से बकरियां लेकर हल्द्वानी की ओर जा रहा पिकअप वाहन असंतुलित होकर खाई की ओर जा गिरा। हादसे में चालक व वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति चोटिल हो गए। पुलिस ने दोनो को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पांच बकरियों की भी मौत हो गई। पुल के दोनों छोर पर सुरक्षा के ठोस उपाय न होने से जोखिम बढ़ता ही जा रहा है।
हाईवे पर रामगाढ़ स्थित पुल के दोनों छोरों पर सुरक्षा के ठोस प्रबंधन ने होने से दुर्घटना का खतरा दोगुना बढ़ गया है। आए दिन वाहन दुर्घनाग्रस्त होने से बच रहे हैं। मध्य रात्री जीत सिंह व सुनील पिकअप वाहन यूके 20 सीए 0038 से द्वाराहाट क्षेत्र से करीब दो दर्जन बकरियां लेकर हल्द्वानी की ओर रवाना हुए। दोनों तकरीबन बारह बजे के आसपास हाईवे पर रामगाढ़ क्षेत्र में पहुंचे ही थे की एकाएक चालक ने वाहन पर संतुलन खो दिया नतीजतन वाहन असंतुलित होकर पुल के समीप से खाई की ओर जा पलटा। दुर्घटना की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची खैरना चौकी पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर फंसे जीत सिंह व सुनील को बामुश्किल बाहर निकाला। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों का उपचार किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन से एक एक कर बकरियों को भी बाहर निकाला गया। वाहन के नीचे दबने से पांच बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लक्ष्मण सिंह के अनुसार पुल के दोनों छोरों पर सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं है। जिससे लगातार दुर्घटना हो रही है। बीते रोज पर्यटकों का वाहन भी खाई में गिरने से बाल बाल बचा। क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा के ठोस प्रबंधन किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है ताकि समय रहते हादसों को टाला जा सके।




