🔳 अपनी ही ग्राम पंचायत में हुए कार्यक्रम में अनदेखी का लगाया आरोप
🔳 कार्यक्रम में आवाज उठाने के बाद मंच पर बुलवाया
🔳 मिनी स्टेडियम में लगे शिविर में पंजीकृत हुई 75 समस्याएं
🔳 55 समस्याओं का किया गया मौके पर समाधान
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
जन-जन की सरकार, जन जन के द्वारा कार्यक्रम के तहत बेतालघाट स्थित मिनी स्टेडियम में लगे शिविर में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी ही ग्राम पंचायत में हो रहे कार्यक्रम में उचित सम्मान न मिलने पर नाराजगी जताई। पंचायत प्रतिनिधियों की नाराजगी पर कार्यक्रम में मौजूद लोग सख्ते में आ गए। मंच पर मौजूद लोगों ने तत्काल पंचायत प्रतिनिधियों को मंच पर बुलवाया तब जाकर मामला शांत हुआ। शिविर में पंजीकृत 75 समस्याओं में से 55 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट स्थित मिनी स्टेडियम में लगे बहुद्देशीय शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी व दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्या ने संयुक्त रुप से किया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी व प्रभावी समाधान करना है। दर्जा राज्यमंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के प्राप्त आवेदनों में पांच को स्वीकृति प्रदान कर भुगतान किया गया। ग्रामीण विकास विभाग ने सत्तर बीपीएल कार्ड व सोलह एसईसीसी प्रमाण पत्र जारी किए गए। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन से संबंधित सात प्रकरणों का निस्तारण किया गया। राजस्व विभाग ने 61 विभिन्न प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट दर्ज की। स्वास्थ्य विभाग ने 48 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरण तथा गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया। पंचायती राज विभाग ने 35 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, 16 परिवार रजिस्टर संशोधन, 08 यूसीसी आवेदन एवं राशन कार्ड से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। अपर जिलाधिकारी ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर लंबित समस्याओं के समाधान के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। शिविर में ग्राम प्रधान चापड भावना पडियार व क्षेत्र पंचायत सदस्य मीना देवी ने सम्मान न मिलने पर नाराजगी जताई। आरोप लगाया की ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की अनदेखी की जा रही है। हालांकि बाद में पंचायत प्रतिनिधियों को मंच पर बुलवा लिया गया। इस दौरान एसडीएम मोनिका, ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, बीडीओ पंकज जोशी, तहसीलदार नेहा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा, मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा, तारा भंडारी, मनोज पडलिया, दिलिप नेगी, विरेंद्र सिंह, रणजीत सिंह, भवानी देवी, विमला देवी आदि मौजूद रहे।




