🔳 महिलाओं ने खनन विभाग के खिलाफ की नारेबाजी
🔳 गांव के खतरे की जद में होने के बावजूद खनन की तैयारी पर जताया रोष
🔳 खनन पर प्रतिबंध लगाए जाने की उठाई मांग
🔳 सुनवाई न होने पर धरना देने व न्यायालय की शरण में जाने का ऐलान
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के बसगांव व आसपास के गांवों के ठिक नीचे कोसी नदी के जलागम क्षेत्र में उपखनिज पट्टे की स्वीकृति से गांवों की महिलाओं का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। गांव की महिलाओं ने खनन विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। तत्काल खनन पट्टे को निरस्त किए जाने की मांग उठाई। दो टूक चेतावनी दी की यदि खनन किया गया तो नदी क्षेत्र में ही धरना शुरु किया जाएगा बावजूद सुध नही ली गई तो न्यायालय की शरण ली जाएगी।
गुरुवार को बसगांव की मातृशक्ति का पारा चढ़ गया। महिलाओं ने खनन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया की गांव पर खतरा मंडरा रहा है। जगह जगह गहरी दरारें डरा रही है। भू-धंसाव का अंदेशा भी बना हुआ है इसके उलट खनन विभाग गांव के नीचे कोसी नदी में खनन की तैयारी करवा लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ पर आमादा है। कहा की पूर्व में बरसात के समय समीपवर्ती मलयाल गांव पर भी खतरा बढ़ गया था। पूर्व ग्राम प्रधान कमला देवी व रेखा नेगी ने कहा की गांव की सुरक्षा को ठोस उपाय किए जाने के उलट खदान कर मौत के मुंह में धकेला जा रहा है। अंदेशा जताया की यदि गांव के नीचे खनन हुआ तो बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है। जोशीमठ जैसे हालात भी सामने आ सकते हैं। कुछ दिन पूर्व हुए भूगर्भीय सर्वे रिपोर्ट भी सार्वजनिक किए जाने पर भी जोर दिया। एक स्वर में खनन पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग उठाई। साफ कहा की यदि खनन हुआ तो नदी क्षेत्र में ही धरने पर बैठा जाएगा। मनमानी की गई तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। इस दौरान कमला देवी, कमला नैनवाल, नरुली देवी, भावना नेगी, दीपा बोहरा, रेखा बोहरा, त्रिलोक सिंह, दिनेश नैनवाल, मोहन सिंह, पूरन सिंह, फकिर सिंह आदि मौजूद रहे।




