🔳 दो वर्ष से सिंचाई के पानी का इंतजार कर रहे किसान हुए मायूस
🔳 पचास से ज्यादा किसानों को मिलना था योजना का लाभ
🔳 गहत का घटिया बीच उपलब्ध कराने का भी आरोप
🔳 किसानों ने सहगल फाउंडेशन पर लगाया किसानों को ठगने का आरोप
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के सब्जी व अनाज उत्पादक धारी गांव के किसान पिछले दो वर्षो से कोसी नदी से बनी सोलर पंपिंग योजना से पानी मिलने की आस लगाए बैठे हैं पर पानी उपलब्ध न होने से किसान अब मायूस हो चुके हैं। गांव के किसानों ने योजना का निर्माण करने वाले संस्था पर कई गंभीर आरोप लगा जांच की मांग उठाई है। किसानों ने संस्था पर किसानों को गहत का घटिया बीज देकर ठगने का आरोप भी लगाया है।
पहाड़ के किसानों को पहाड़ जैसे चुनौतियों से जूझकर खेतीबाड़ी को मजबूर होना पड़ रहा है। ज़ख्मों पर योजनाओं का मरहम लगाया जा रहा है पर मरहम नमक साबित हो रहा है। धारी गांव के किसानों को लाभान्वित करने को सहगल फाउंडेशन ने एचडीएफसी बैंक के सहयोग से दो वर्ष पूर्व कोसी नदी से सोलर पंपिंग योजना का निर्माण किया गया। दो पंप लगाए जाने के बाद गांव के समीप पंद्रह हजार लीटर का टैंक भी बनाया गया पर ग्रामीणों को आज तक योजना का फायदा नहीं मिल सका। वहीं जगह जगह लोहे की पाइप की जगह प्लास्टिक के पाइप लगा दिए गए हैं। गांव के पूर्व ग्राम प्रधान नंदन सिंह जंतवाल, मदन सिंह, कुंदन सिंह, खुशाल सिंह, मदन मोहन सिंह ने आरोप लगाया की सहगल फाउंडेशन किसानों के हितों से खिलवाड़ पर आमादा है। योजना से पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा वहीं गांव में घटिया गहत का बीज भी वितरित किया गया। ग्रामीणों के अनुसार सहगल फाउंडेशन की स्ट्रीट लाइटें भी खराब हो चुकी है। तारबाड़ के नाम पर फैंसिंग का भरोसा दिला आधार कार्ड लिए गए पर आजतक फैसिग का अता पता नहीं है। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया की किसानों को लाभ दिलाने की आड़ में बड़े पैमाने पर बंदरबांट की जा रही है। बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में हुए कार्यों की उच्चस्तरीय जांच पर जोर दिया है ताकी हकीकत सामने आ सके। सहगल फाउंडेशन के कृषि विशेषज्ञ डा. आरके सागर के अनुसार तकनीकी कारणों से पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। पानी की आपूर्ति सुचारु होगी। मौसम की परेशानी से गहत के बीच में परेशानी आई थी। ग्रामीणों के सहयोग से ही गांवों में कार्य किया जा रहा है।




