🔳 विभिन्न वन क्षेत्रों में कटेंगे हजारों पेड़
🔳 चिह्निकरण व छपान के बाद अब शुरु हुआ कार्य
🔳 बेतालघाट के कोसी रेंज में पहले चरण में शुरु हुआ कटान का कार्य
🔳 पर्यावरण प्रेमियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जताई चिंता
🔳 कटान से कई गुना अधिक पौधे रोपने पर दिया जोर
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
जंगलों को वनाग्नि से बचाने के लिए वन विभाग ने फायर लाईन तैयार करने की कवायद शुरु कर दी है। फायर लाइन बनाने के लिए हजारों पेड़ चिह्नित किए गए हैं। इन पेड़ों का कटान कर जंगलात बचाने को फायर लाइन तैयार की जाएगी। शुरुवाती चरण में कोसी रेंज में बकायदा कटान शुरु भी कर दिया गया है। जंगलों को आग से बचाने के लिए बड़े पैमाने पर पेड़ों के कटान पर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने चिंता भी व्यक्त की है।
जंगलों को आग से बचाना वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। प्रतिवर्ष सैकड़ों हेक्टेयर जंगल आग की चपेट में आकर नष्ट हो जाता है। वन संपदा को नुकसान पहुंचने के साथ ही जंगली जानवर भी वनाग्नि की चपेट में आ जाते हैं। जंगलात क्षेत्र को वनाग्नि से सुरक्षित रखने को वन विभाग ने फायर लाइन निर्माण का कार्य तेज कर दिया है। शुरुवाती चरण में फायर लाइन की चपेट में आने वाले पेड़ों को चिह्नित कर छपान किया है। वन विभाग के उत्तरी गोला, कोसी, भवाली, नैना, बडोन, ओखलकांडा, मनौरा रेंज में हजारों पेड़ चिह्नित किए हैं जिन्हें काटकर फायर लाइन तैयार की जाएगी। कोसी रेंज में बकायदा पेड़ों का कटान शुरु भी कर दिया गया है। उम्मीद है की फायर लाइन तैयार होने के बाद भविष्य में वनाग्नि को काबू करने में काफी हद तक मदद मिल सकेगी। बड़ी संख्या में पेड़ों के कटान से पर्यावरण प्रेमियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरी चिंता जताई है। क्षेत्रिय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, यूकेडी ब्लॉक अध्यक्ष बेतालघाट महेंद्र सिंह रावत, ग्रामीण विकास अधिकार संघर्ष समिति अध्यक्ष कृपाल सिंह मेहरा ने पेड़ो के कटान के साथ ही वृहद पैमाने पर पौधारोपण किए जाने की मांग उठाई है ताकि संतुलन बना रहे। डीएफओ आकाश गंगवार के अनुसार माननीय सुप्रीम कोर्ट के डायरेक्शन के बाद ही फायर लाइन तैयार करने का कार्य किया जा रहा है। पेड़ों की संख्या की सही जानकारी अभी नहीं है फिलहाल जितने पेड़ काटे जाएंगे उससे कहीं अधिक संख्या में प्लांटेशन किया जाएगा। पौधरोपण अभियान लगातार जारी रहेगा।




