🔳 पिछले कुछ वर्षों में लगभग पंद्रह विद्यालय हो चुके बंद
🔳 अभिभावक नौनिहालों को लेकर नगरीय क्षेत्रों को कर रहे रुख
🔳 वर्तमान में भी तमाम विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे संचालित
🔳 नौनिहालों के हितों से खिलवाड़ पर गांवो के लोग चिंतित
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के विभिन्न गांवों में स्थित विद्यालयों पर संकट गहराता जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में करीब पंद्रह विद्यालय छात्र संख्या घटने से बंद हो चुके हैं। बेहद बुरे दौर से गुजर रहे तमाम विद्यालय बामुश्किल एकल शिक्षक के भरोसे संचालित है ऐसे में शिक्षा व्यवस्था का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। नौनिहालों के हितों से हो रहे खिलवाड़ से अभिभावक भी बेहद चिंतित हैं।
गांवों में स्थित विद्यालयों की हालत चिंता का विषय बन गई है। गांवों में बेहतर शिक्षा उपलब्ध न होने से अभिभावक नौनिहालों के बेहतर भविष्य की खातिर उनको लेकर नगरीय क्षेत्रों को रुख कर जा रहे हैं जिस कारण विद्यालयों में छात्र संख्या का संकट बढ़ गया है। सरकारी विद्यालयों में महज एक शिक्षक के भरोसे शैक्षणिक व्यवस्था का संचालन किए जाने से अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों से मोहभंग होता जा रहा है। छात्र संख्या लगातार कम होने से हालात इस कदर बिगड़ते जा रहे हैं की पिछ्ले कुछ वर्षों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय कफूल्टा, तल्ली सेठी, तिलाडी, मझेडा, सिरोडी, बारगल, जसिया घूना, तल्ली पाली, जूनियर हाईस्कूल सिल्टोना समेत पंद्रह विद्यालय पूर्णतः बंद हो चुके हैं। विद्यालय बंद हो जाने से अभिभावक नौनिहालों को दूर दराज भेजने को मजबूर हैं। कई गांवो को छोड़कर नगरी क्षेत्रों में रहकर बच्चों को शिक्षित करने में जुटे हुए हैं। बच्चों की खातिर गांव छोड़कर जा रहे लोगों से गांव भी विरान होने लगे हैं। आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह मेहरा, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह नेगी आदि के अनुसार विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे संचालित होने से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खडे होना लाजिमी है। महज एक शिक्षक के भरोसे पहली से पांचवीं कक्षा तक के नौनिहाल शिक्षा ले रहे हैं। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है ऐसे में अभिभावक बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिला ही नहीं करवाना चाहते। क्षेत्रवासियों ने भी व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। जिला शिक्षा अधिकारी एचबी चंद के अनुसार विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने को हर संभव प्रयास किया जा रहा है। लगातार जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं। जल्द ही सभी विद्यालयों में समुचित शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।




