🔳 बेतालघाट के जजूली गांव में खेतों को रौंद पौधों को किया नेस्तनाबूत
🔳 हाड़तोड़ मेहनत के बाद खेतों की दुर्दशा से किसान मायूस
🔳 लगातार नुकसान होने से खेतीबाड़ी से हो रहा मोहभंग
🔳 क्षेत्रवासियों ने खेती बचाने को तारबाड़ पर दिया जोर
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में जंगली सूअर खेतीबाड़ी के लिए अभिशाप बन गए हैं। सिल्टोना ग्राम पंचायत के तोक जजूली में जंगली सूअरों के झुंड ने मटर के खेतों को बर्बाद कर डाला है। खेतों की हालत देख किसान मायूस हैं। किसानों के अनुसार जंगली सूअर खेतों को रौंद मटर के पौधों को नेस्तनाबूत कर डाला हैं। ग्रामीणों ने खेती बचाने को तारबाड़ करवाए जाने की मांग उठाई है।
कोसी घाटी में खेती का रकबा लगातार कम होता जा रहा है। नुकसान होने से किसान खेती करने से बच रहे हैं जिस कारण गांवों में खेत बंजर होने लगे हैं। कुछ गांवों में किसान हाड़तोड़ मेहनत कर भी रहे तो जंगली जानवर मेहनत पर पानी फेर दे रहे हैं। सब्जी उत्पादक जजूली गांव में जंगली सूअरों के मटर के खेतों को रौंद डालने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गई है। स्थानीय किसान राजेंद्र सिंह करायत के अनुसार हाड़तोड़ मेहनत के बाद मटर की खेती के लिए खेत तैयार किए गए। अभी खेतों में पौध दिखने ही लगी थी की बीती रात जंगली सूअरों के झुंड ने पौधों को तहस-नहस कर डाला। सुबह खेतों की हालत देख अब खेतीबाड़ी से मोहभंग होने लगा है। आरोप लगाया की लगातार नुकसान होने के बावजूद किसानों की सुध नहीं ली जा रही। खेतीबाड़ी चौपट होने से परिवार की आर्थिक स्थिति भी बिगड़ने लगी है बावजूद जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है। गांवों में आय का एकमात्र जरिया खेतीबाड़ी पर संकट बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय डूंगर सिंह, आनंद सिंह करायत, झूंगर सिंह, गोधन सिंह, नारायण सिंह करायत, महेंद्र सिंह, गोपाल सिंह करायत आदि ने खेतों के चारों ओर तारबाड़ किए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया है की यदि खेती बचाने को समय रहते ठोस उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में गांव खेती विहीन हो जाएंगे।

error: Content is protected !!