🔳 उपशिक्षा अधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजी रिपोर्ट
🔳 जांच टीम ने कई दिनों की कड़ी मेहनत के बाद तैयार की रिपोर्ट
🔳 रिपोर्ट में बड़े पैमाने पर अनियमिताओं के खुलासे होने का अंदेशा
🔳 बजट खर्च के बिल मिलने पर धरातल में कार्य न होने से जुड़ा है मामला
🔳 शिक्षा के मंदिर से जुड़ा मामला पूरे क्षेत्र में बना है चर्चा का विषय
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज धनियाकोट में वित्तीय अनियमताओं के मामले सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जयसवाल के निर्देश पर गठित जांच टीम ने कई दिनों की मशक्कत के बाद आखिरकार मामले की जांच पूरी कर ली है। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजें जाने के बाद अब कार्रवाई का इंतजार है। उपशिक्षा अधिकारी राशी बुधलाकोटी के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेतालघाट ब्लॉक के धनियाकोट गांव स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में सरकार से मिले भारी भरकम बजट की बाजीगरी ने शिक्षा विभाग के अफसरों की नींद उड़ा दी है। विद्यालय के बच्चों के लिए बनाई जाने वाली खीर में 91 किलो चीनी की खपत, नौनिहालों के लिए बनाए जाने वाले आईकार्ड के न मिलने, दस हजार रुपये का जैविक गड्ढा, पच्चीस हजार रुपये की हरी घास के बिल लगे होने के बावजूद धरातल पर कुछ भी दिखाई नहीं देने तथा बीते वर्ष विद्यालय के एक कमरे में आगजनी की घटना में नष्ट सामग्री की जगह नई सामग्री की खरीद का बिल उपलब्ध होने पर आज तक अधिकांश सामग्री के विद्यालय में न पहुंचने से तमाम गंभीर सवाल खड़े होने तथा मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जयसवाल ने पूरे मामले पर जांच बैठा उपशिक्षा अधिकारी राशी बुधलाकोटी की अध्यक्षता में गठित जांच टीम को तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एक वर्ष से भी अधिक समय बीतने के बावजूद सरकारी बजट खर्च होने व बिल उपलब्ध होने के बावजूद धरातल में कार्य न हो पाने से पूरा मामला संदेश के घेरे में आ गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने कई दिनों की कड़ी मेहनत के बाद अब आखिरकार जांच पूरी कर ली है। जांच रिपोर्ट में अनियमितताओं से संबंधित बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। उपशिक्षा अधिकारी राशी बुधलाकोटी के अनुसार जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद अब आगे कार्रवाई की जाएगी। इधर मामले के जोर-शोर से उठने से क्षेत्र के लोग भी हैरत में हैं। बगैर कार्य के बिल तैयार किए जाने तथा धरातल पर कार्य न होने को लोगों ने बड़ा भ्रष्टाचार करार दे मामले में उचित कार्रवाई पर जोर दिया है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि मामले को दबाने की कोशिश की गई तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।




