🔳 तीन सदस्यीय टीम ने जुटाई कई अहम जानकारियां
🔳 शिकायतकर्ता से जाना पक्ष, बयान किए गए दर्ज
🔳 गंभीर आरोपों से पूरे क्षेत्र में मचा है हड़कंप
🔳 कृषि निवेश केंद्र खैरना से जुड़ा है मामला
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना स्थित कृषि निवेश केन्द्र में अनियमितताओं का मामला तूल पकड़ गया है। मामले में शिकायत के बाद कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम ने केंद्र पहुंचकर मामले में जानकारी जुटाई। शिकायतकर्ता का भी पक्ष जाना। जांच टीम के सदस्यों के अनुसार जल्द ही रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
खैरना स्थित कृषि निवेश केंद्र में सरकार से अनुदान में मिलने वाले बीज व कृषि यंत्र उपलब्ध न होने, बेतालघाट ब्लॉक से बाहर के किसानों को सामग्री दिए जाने तथा कृषि से संबंधित सामग्री की कालाबाजारी व केंद्र के समय पर न खुलने की शिकायत सीएम पोर्टल तक पहुंचने के बाद मंगलवार को संबंधित विभाग की तीन सदस्यीय टीम जांच को कृषि निवेश केन्द्र खैरना पहुंची। जांच टीम ने शिकायतकर्ता पुष्कर सिंह पनौरा से शिकायतों के संबंध में विस्तार से जानकारी जुटाई। पुष्कर पनौरा ने कहा की लगातार लापरवाही की जा रही है। केंद्र में पहुंचने से पहले ही बीज व कृषि यंत्र समाप्त हो जा रहे हैं। सरकार से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ किसानों को नहीं मिल पा रहा। आरोप लगाया की सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायत में भी ग़लत रिपोर्ट लगाकर भ्रमित किया जा रहा है। जांच टीम ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। न्याय पंचायत प्रभारी रितेश कांडपाल के अनुसार जांच टीम उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंपेगी। उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। इस दौरान विकासखंड प्रभारी बेतालघाट जितेन्द्र कुमार, भीमताल प्रभारी राजीव कुमार, सहायक कृषि अधिकारी प्रांजली पांडे, भीमताल भंडार प्रभारी अमित नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।
