🔳 जल निगम के अफसरों को भी बैरंग लौटाया वापस
🔳 जिम्मेदार अधिकारी के लिखित में आश्वासन के बाद होगा विचार
🔳 बयेडी पंपिंग पेयजल योजना के अधर में लटकने से आंदोलनरत हैं ग्रामीण
🔳 योजना के इनफील्ट्रेशन वेल का कार्य शुरु होने के बाद भी चढ़ा है पारा
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
महत्वाकांक्षी बयेडी पंपिंग पेयजल योजना का कार्य अधर में लटके होने से क्रमिक अनशन पर बैठे आक्रोशित आंदोलनकारियों का सब्र जवाब देने लगा है। वार्ता को पहुंचे जल निगम के अधिशासी अभियंता को भी आंदोलनकारियों ने बैरंग वापस लौटा दिया। साफ कहा की जब तक जिम्मेदार अधिकारी धरनास्थल पर पहुंचकर लिखित में भरोसा नहीं दिलाएगा तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
ताड़ीखेत ब्लॉक के सूदूर बयेडी गांव में पिछले कई दिनों से आंदोलनरत ग्रामीणों का धरना अब क्रमिक अनशन में तब्दील हो चुका है। बुधवार को आंदोलन के दसवें दिन जल निगम के अधिशासी अभियंता हिमांशु वर्मा मय टीम आंदोलनस्थल पर पहुंचे। आंदोलनकारियों से आंदोलन समाप्त करने को कहा। बताया की भुजान क्षेत्र में कोसी नदी में योजना के इनफील्ट्रेशन वेल का निर्माण शुरु कर दिया गया। किसान संघर्ष समिति अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे, ग्राम प्रधान दीप चंद्र व ललित चंद्र ने कहा की पूर्व में भी ऐसा ही भरोसा दिलाकर ग्रामीणों को ठगा जा चुका है। लंबे समय बाद भी आज तक योजना का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है साफ कहा की जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर लिखित में आश्वासन नहीं देगा तब तक पीछे नहीं हटा जाएगा। आंदोलन के दसवें दिन महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में धरनास्थल पर पहुंचकर धरना दिया तथा नारेबाजी कर अब तक सुध न लिए जाने पर रोष जताया। इस दौरान नीमा पांडे, पुष्पा पांडे, भगवती देवी, राम लाल, प्रदीप चंद्र, पुष्कर राम, नंद राम, जोड़ा राम, खीम राम, कमलेश पांडे, महेंद्र राणा, कमलेश पांडे, हिमांशु पांडे, इंद्र लाल आदि मौजूद रहे।




