🔳 पहाड़ी पर खदान को चढ़ी पौकलेंड मशीन, नीचे दौड़ते रहे वाहन
🔳 कमजोर पहाड़ी से पत्थरों व मलबा गिरने का खतरा हुआ दोगुना
🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हुए यात्री व पर्यटक
🔳 सुरक्षा मानकों की अनदेखी से क्षेत्रवासियों ने जताया रोष
🔳 बगैर जिम्मेदार अधिकारियों के निगरानी में कार्य होने को ठहराया गलत
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर लोहाली की अतिसंवेदनशील पहाड़ी से खतरा टालने को किए जा रहे कार्य में सुरक्षा मानकों की ही खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। खस्ताहाल पहाड़ी पर भारी भरकम पौकलेड मशीन को चढ़ाकर खुदाई का कार्य शुरु कर दिया गया है जबकि नीचे हाईवे पर यात्री व पर्यटकों के वाहन आवाजाही कर रहे हैं। कमजोर पहाड़ी से कभी भी पत्थर व मलबा गिरने का भय बना हुआ है बावजूद सुरक्षा मानकों को ताक पर रख पर्यटकों व यात्रियों की जिंदगी से खुला खिलवाड़ किया जा रहा है।
हाईवे पर अतिसंवेदनशील लोहाली की पहाड़ी पर सुरक्षात्मक कार्यों के लिए सड़क व भूतल मंत्रालय से 21 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति मिल चुकी है। बुधवार को जर्जर पहाड़ी से खतरा टालने को कार्य शुरु कर दिया गया। जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी के बगैर शुरु हुए कार्य में पहले दिन ही सुरक्षा मानकों को ताक पर रख दिया गया। कमजोर पहाड़ी पर भारी भरकम पौकलेंड मशीन से पहाड़ी पर खदान कार्य शुरु होने के बावजूद हाईवे पर वाहन जोखिम के बीच दौड़ते रहे। कार्यदाई संस्था की सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हाईवे पर आवाजाही करने वाले यात्रियों की जिंदगी पर खतरा बढ़ गया। पहाड़ी पर खदान होने से पहाड़ी से कभी भी पत्थर व मलबा गिरने का खतरा भी बढ़ गया है पर जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट के अनुसार पहाड़ी की हालत बेहद दयनीय है। पौकलेंड मशीन से कार्य किया जा रहा है। नीचे वाहनों की आवाजाही होने से कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है। भाजपा नेता दिलीप सिंह बोहरा ने भी भारी-भरकम मशीन से किए जा रहे कार्य के दौरान सुरक्षा मापदंड की अनदेखी पर रोष जताया है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष मनीष तिवारी ने पहाड़ी के उपचार में की जा रही लापरवाही के लिए एनएच प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। दो टूक चेताया है की लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एनएच के सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार पहाड़ी पर किए जा रहे कार्यों के दौरान सुरक्षा उपायों के विशेष प्रबंध करने के निर्देश कार्यदाई संस्था को दिए जाएंगे। कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

error: Content is protected !!