🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही को हुए मजबूर सैकड़ों परिवार
🔳 शिप्रा नदी पुल निर्माण की लगातार उठ रही मांग बावजूद अनदेखी
🔳 तमाम गांवों के लोग, किसान व स्कूली बच्चे करते हैं आवाजाही
🔳 पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने फिर उठाई मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों के लोग शिप्रा नदी पर एक अदद झूला पुल निर्माण का इंतजार करते करते थक चुके हैं बावजूद सेतू निर्माण नहीं हो पा रहा। मजबूरी में गांवों के लोग जान जोखिम में डाल पत्थरों से बनी से बनाए गए रास्ते से आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।
बेतालघाट ब्लॉक के डोबा, मझेडा, ब्यासी समेत तमाम गांवों के किसान शिप्रा नदी पार कर उपज को हाईवे तक पहुंचाते हैं जहां से फिर उपज को बड़ी मंडियों तक भेजा जाता है। डोबा गांव के करीब चार सौ परिवार परिवार भी इसी रास्ते खरीददारी को गरमपानी बाजार पहुंचते हैं। स्कूली नौनिहालों को भी बाजार में स्थित विद्यालय पहुंचाया जाता है। जिम्मेदारों की उपेक्षा से शिप्रा नदी पर ग्रामीणों ने पत्थरों का अस्थाई पुल तैयार किया है जिस पर ग्रामीण जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हैं। ग्राम प्रधान डोबा हरेन्द्र सिंह बिष्ट के अनुसार शिप्रा नदी क्षेत्र में झूला पुल निर्माण की कई बार मांग उठाई जा चुकी है पर सुध नहीं ली जा रही। बरसात में नदी का बहाव तेज होने से आवाजाही ठप हो जाती है। प्रत्येक वर्ष नदी में अस्थाई रास्ता तैयार करना पड़ता है पर झूला पुल का निर्माण नहीं किया जा रहा। स्थानीय शिवराज सिंह बिष्ट के अनुसार यदि झूला पुल का निर्माण कर दिया जाए तो गांवों के लोग लाभान्वित हो सकेंगे तथा आवाजाही भी सुरक्षित हो सकेंगी। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने भी ग्रामीणों की मांग को जायज ठहरा झूला पुल निर्माण की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द निर्माण की कार्रवाई शुरु नहीं की गई तो फिर गांव के लोगों को साथ लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।




