🔳 जगह जगह धराशाई हुई सुरक्षा दीवारें, आवाजाही हुई खतरनाक
🔳 दरारें गहराने से सड़क के अस्तित्व पर भी मंडराया संकट
🔳 हाईवे को जाम से निजात दिलाने को खर्च किया जा रहा भारी-भरकम बजट
🔳 पहली बारिश में ही दीवारें गिरने से खड़े हुए सवाल
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा कैंची क्षेत्र को जाम से निजात दिलाने को करीब 12.14 करोड़ रुपये की लागत से सैनिटोरियम दूनीखाल बाइपास मोटर मार्ग पर किए किए कार्य पहली बारिश में ही दम तोड़ गए हैं। जगह जगह सुरक्षा दीवारों के खाई में समाने से मोटर मार्ग पर भी दरारें गहराने से आवाजाही खतरनाक हो गई है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति ने गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं।
पर्यटन सीजन में वाहनों के बढ़ते दबाव व कैंची क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से हाईवे पर जाम एक बड़ी समस्या बन चुकी है। राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से ले बाइपास निर्माण को लोनिवि को भारी भरकम बजट उपलब्ध कराया है। पहले चरण में सैनिटोरियम से दूनिखाल तक मोटर मार्ग पर 12.14 करोड़ रुपये की लागत से डामरीकरण व सुरक्षात्मक कार्य करवाए गए। दूसरे चरण में दूनीखाल से पाडली तक बाइपास निर्माण का कार्य गतिमान है। उम्मीद है की बाइपास निर्माण से हाईवे पर जाम की समस्या खत्म हो सकेंगी पर सैनिटोरियम से दूनिखाल तक करोड़ों रुपये के बजट से किए गए कार्य पहली बारिश में ही दम तोड़ गए हैं। जगह जगह सुरक्षा दीवारों के ध्वस्त होने से मोटर मार्ग के अस्तित्व पर भी संकट गहरा गया है जबकि आवाजाही भी खतरनाक हो गई है। करोड़ों रुपये की सरकारी धनराशि से बने कार्यों के धराशाही होने से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, संजय सिंह, मनोज बिष्ट, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद आदि ने भारी भरकम बजट से किए गए कार्यों के दम तोड़ जाने पर नाराजगी जताई है‌। आरोप लगाया की अभी बाइपास में वाहनों की आवाजाही भी शुरु नहीं हो सकी है और निर्माण कार्य धराशाई होने लगे हैं। संगठन से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रीम प्रोजेक्ट की दुर्दशा पर नाराजगी जताई है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना के अनुसार अत्यधिक बारिश से दीवारें क्षतिग्रस्त हुई है। दोबारा दीवारों के निर्माण का कार्य शुरु करवा दिया गया है।

error: Content is protected !!