🔳 आरटीआई कार्यकर्ता ने कुमाऊं आयुक्त कार्यालय में दिया ज्ञापन
🔳 शिकायतों में झूठी रिपोर्ट लगाकर गुमराह करने का लगाया आरोप
🔳 समस्याओं के समाधान की उठाई पुरजोर मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के धनियाकोट निवासी आरटीआई कार्यकर्ता ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के कार्यालय में ज्ञापन देकर सीएम पोर्टल पर लगातार शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद समाधान न होने पर नाराजगी व्यक्त की है। ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया है कि सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायते फर्जी ढंग से रिपोर्ट लगाकर बंद कर दी जा रही है जिससे अब सीएम पोर्टल से भरोसा उठने लगा है।
आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह मेहरा ने शिकायतों के समाधान को संचालित मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए है। मंगलवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के नैनीताल स्थित कार्यालय में ज्ञापन सौंप सीएम पोर्टल की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया है की धनियाकोट, मल्लाकोट समेत आसपास के तमाम गांवों में बंदरों व जंगली सूअरों के आंतक संबंधित शिकायत सीएम पोर्टल पर छह साल दर्ज कराई गई पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग, रातीघाट बेतालघाट, भुजान बेतालघाट मोटर मार्ग की बदहाली, आपदा से सरकारी परिसंपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई, बारगल कफूल्टा पंपिंग पेयजल योजना से समुचित पेयजल आपूर्ति न होने तथा मल्लाकोट गांव में सरकारी धनराशि से लगी स्ट्रीट लाइटों के समय से पहले ही खराब हो जाने की जांच संबंधी जनहित से जुड़े कई मामले समय समय पर सीएम पोर्टल पर दर्ज कराए जाने के बावजूद आजतक कोई सुध नहीं ली जा सकी। आज भी व्यवस्थाएं बदहाल पड़ी है। आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह ने सीएम पोर्टल पर गलत रिपोर्ट लगाकर शिकायतों को दबाने का गंभीर आरोप भी लगाया है। उन्होंने कुमाऊं आयुक्त से मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।




