🔳 मामले के तूल पकड़ने के बाद हरकत में आए लोनिवि के अफसर
🔳 अधिशासी अभियंता के निर्देश पर विभागीय टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण
🔳 निरीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद होगी अग्रिम कार्रवाई
🔳 बर्धो के बाद अब रतौडा क्षेत्र में लापरवाही का लगा है आरोप
🔳 तीखी नजर समाचार पोर्टल ने प्रमुखता से उठाया मुद्दा
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर चार करोड़ रुपये की भारी भरकम लागत से खतरा टालने को लगाए जा रहे क्रश बैरियरों को मनमाने ढंग से स्थापित किए जाने के मामले में लोक निर्माण विभाग के अफसर हरकत में आ गए हैं। अधिशासी अभियंता के निर्देश पर विभाग के सहायक अभियंता व अवर अभियंता ने रतौडा क्षेत्र में लगे क्रश बैरियर का निरीक्षण कर कार्यदाई संस्था के कर्मचारियों को सप्ताहभर में सुधार के निर्देश दिए हैं। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर भारी भरकम बजट से स्थापित किए जा रहे क्रश बैरियर कार्य के विवादों में घिरने से कोसी घाटी में हड़कंप मचा हुआ है। पूर्व में बर्धो क्षेत्र में क्रश बैरियर स्थापित कीए जाने में मोटर मार्ग की सुरक्षा दीवारों को तहस नहस कर दिए जाने का मामला सामने आने के बाद अब रतौडा क्षेत्र में ग्रामीणों ने क्रश बैरियर मनमाने ढंग से स्थापित कर बजट की बर्बादी किए जाने का आरोप लगा दिया। ग्रामीणों के अनुसार खतरा टालने को लगाए जा रहे क्रश बैरियर क्षतिग्रस्त जगह पर लगा कर इतिश्री कर दी जा रही है वहीं कई जगह मोटर मार्ग से सटकर लगाए जा रहे हैं जिससे भविष्य में आवाजाही प्रभावित होने का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार क्रश बैरियर स्थापित किए जाने के कार्य में बड़ी लापरवाही की जा रही है। गांवों के लोगों में भी नाराजगी बढ़ने लगी है पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। क्षेत्र के लोगों की समस्या को तीखी नजर समाचार पोर्टल ने 13 अक्टूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित कर जोर-शोर से उठाया। समाचार प्रकाशित होने के बाद अधिशासी अभियंता हीरा सिंह के निर्देश पर सहायक अभियंता किशोर कुमार व अवर अभियंता ज़ुबैर आलम ने खतरा टालने को किए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अल्टीमेटम दिया की यदि सप्ताहभर में कार्यों में सुधार नहीं किया गया तो निश्चित ही कार्रवाई की जाएगी। गलत जगह स्थापित किए गए क्रश बैरियरों को उखाड़कर सप्ताहभर के भीतर सही स्थान पर स्थापित किए जाने को निर्देशित किया। अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट ने बताया की दो सदस्यीय टीम के निरीक्षण के बाद रिपोर्ट मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




